DUSU चुनाव में अब बॉन्ड नहीं, गारंटर देंगे जिम्मेदारी, बॉन्ड जमा करने की बाध्यता खत्म
DUSU Election: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में अब उम्मीदवारों को बॉन्ड की जगह गारंटर देना होगा, जो नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना भरेगा. उल्लंघन पर 20000 रुपये तक जुर्माना लग सकता है.

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में उम्मीदवारों को अब एक लाख रुपये का बॉन्ड जमा नहीं करना पड़ेगा. इसके बजाय, उन्हें ऐसा गारंटर पेश करना होगा जो नियमों के उल्लंघन की स्थिति में जुर्माना भरने की जिम्मेदारी लेगा. इस नई व्यवस्था की जानकारी विश्वविद्यालय के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने पत्रकारवार्ता के दौरान दी.
हलफनामा अनिवार्य, गारंटर कोई भी बन सकता है
प्रो. शर्मा के अनुसार, अदालत में छात्रों ने बॉन्ड भरने में असमर्थता जताई थी और हलफनामे का विकल्प सुझाया था. इस सुझाव पर विचार के बाद अब हर उम्मीदवार को हलफनामा देना होगा. साथ ही किसी व्यक्ति को गारंटर बनाना होगा—यह जरूरी नहीं कि गारंटर अभिभावक ही हों, बल्कि मित्र या सहपाठी भी यह जिम्मेदारी ले सकते हैं.
उल्लंघन पर अनुपातिक जुर्माना
नियम तोड़ने पर जुर्माने की राशि तयशुदा नहीं होगी. प्रो. शर्मा ने स्पष्ट किया कि गलती की गंभीरता के अनुसार यह 10,000 रुपये से लेकर 20,000 रुपये तक हो सकती है. उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार का चुनाव न सिर्फ पारदर्शी बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी होगा और लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा.
ऑनलाइन शिकायत प्रणाली शुरू
विरूपण (दीवारों या सतहों पर पोस्टर लगाने-लिखने) पर रोक लगाने के लिए विश्वविद्यालय ने नया ऑनलाइन फॉर्म जारी किया है. इसके जरिए विद्यार्थी और आम लोग शिकायत दर्ज कर सकेंगे. इन शिकायतों की जांच उच्चस्तरीय समिति करेगी. हालांकि, छात्र संगठन ‘आइसा’ ने गारंटर की शर्त को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.
पोस्टर नियमों में सख्ती
चुनाव प्रचार के लिए उम्मीदवारों को केवल हस्तनिर्मित पोस्टरों की अनुमति होगी और उन्हें भी सिर्फ तयशुदा दीवारों पर लगाया जा सकेगा. किसी भी अवैध पोस्टर या विरूपण की शिकायत ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराई जा सकती है. उल्लंघन की स्थिति में कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है.
निगरानी के लिए विशेष टीम
चुनावों की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए डूसू चुनाव समिति, अनुशासन समिति, प्रॉक्टोरियल बोर्ड, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियां मिलकर निगरानी करेंगी. सोमवार से निरीक्षकों की टीम कॉलेज परिसरों और आसपास के इलाकों का दौरा करेगी ताकि नियमों के उल्लंघन को तुरंत रोका जा सके.
18 सितंबर को मतदान, अगले दिन नतीजे
आपको बताते चले कि DUSU चुनाव में नामांकन पत्र भरने की तारीख 10 सितंबर 3 बजे तक है और नाम वापसी 11 सितंबर 12 बजे तक है. बोटिंग की बात करें तो 18 सितंबर सुबह साढ़े 8 बाके स्व दोपहर 1 बजे फिर दोपहर 3 बजे से लेकर शाम साढ़े 7 बजे तक चलेगी और बात करें कॉउंटिंग कि तो वो 19 सितंबर को सुबह से शुरू होगी.























