World Cup 2019: प्लेइंग 11 के लिए ये खिलाड़ी हो सकते हैं विराट कोहली की पसंद
World Cup 2019: के एल राहुल के लिए प्लेइंग 11 में जगह बनाना मुश्किल हो सकता है.

World Cup 2019: इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए सिलेक्टर्स ने 15 सदस्यों की टीम का एलान कर दिया है. रिषभ पंत की जगह टीम में दिनेश कार्तिक का होना थोड़ा हैरान करने वाला फैसला है. इसके साथ ही टीम इंडिया को इंग्लैंड की तेज पिचों पर चौथे तेज गेंदबाज की कमी भी खल सकती है.
ओपनर्स की बात करें तो रोहित शर्मा, शिखर धवन के अलावा के एल राहुल को बैकअप के तौर पर टीम में रखा गया है. पिछले कुछ सालों में रोहित शर्मा और शिखर धवन ने जैसा शानदार प्रदर्शन किया है उसे देखते हुए लगता है कि दोनों में से किसी एक के चोटिल होने की स्थिति में ही के एल राहुल को मौका मिल सकता है. हालांकि टीम मैनेजमेंट राहुल को चौथे नंबर पर भी आजमा सकता है.
विराट कोहली तीसरे नंबर पर ही बल्लेबाजी करेंगे. चयनकर्ताओं ने साफ किया है कि विजय शंकर चौथे नंबर के लिए टीम की पसंद हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में भी विजय शंकर को कुछ मैचों में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका दिया गया था. विजय शंकर के परफॉर्म नहीं कर पाने की स्थिति में कार्तिक भी इस स्लॉट के लिए दावा ठोंक सकते हैं.

पांचवे और छठे नंबर पर एम एस धोनी और केदार जाधव बल्लेबाजी करते हुए दिखेंगे. इन दोनों के बाद हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी करने के लिए आ सकते हैं. हालांकि मैच के स्थिति को देखते हुए हार्दिक पांड्या को ऊपर भी भेजा जा सकता है.
अगर टीम मैनेजमेंट तीन तेज गेंजबाजों और दो स्पिनर्स के साथ जाने का फैसला करता है तो पांड्या की जगह रवींद्र जडेजा ले सकते हैं. चयनकर्ताओं ने साफ कहा है कि जडेजा को अतिरिक्त आलराउंडर के रूप में टीम में जगह दी गई है.
स्पिन डिपॉर्टमेंट का जिम्मा युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के जिम्मे ही रहेगा. लेकिन इंग्लैंड की पिचों को देखते हुए दोनों खिलाड़ियों में से किसी एक को ही टीम में जगह मिल सकती है. ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर भी दोनों में से एक खिलाड़ी को ही टीम में जगह दी गई थी.
बुमराह, शमी और भुवनेश्वर तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे. इन तीनों के अलावा हार्दिक पांड्या को भी एक विकल्प के तौर पर रखा गया है.























