एक्सप्लोरर
धोनी को नहीं मिली तेंदुलकर की प्लेइंग 11 में जगह, इस स्टार खिलाड़ी को कैप्टन बनाया
तेंदुलकर वर्ल्ड कप के दौरान धोनी के प्रदर्शन से खुश नहीं थे. हालांकि कई मौकों पर सचिन ने विकेटकीपर बल्लेबाज का बचाव भी किया है.

नई दिल्ली: वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद आईसीसी से लेकर दिग्गज क्रिकेटर अपनी प्लेइंग इलेवन की लिस्ट जारी कर रहे हैं. इन प्लेइंग इलेवन्स में उन खिलाड़ियों को जगह मिल रही है जिन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करके अपनी टीमों को जीत दिलाई. महान क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने हाल में समाप्त हुए विश्व कप-2019 के अपने सर्वश्रेष्ठ 11 खिलाड़ी चुने हैं और इसमें टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम नहीं है. तेंदुलकर ने अपनी टीम की कप्तानी न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन को सौंपी है. उनकी टीम में पांच भारतीय खिलाड़ी (रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह) हैं, लेकिन उसमें विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी शामिल नहीं हैं. रोहित और जॉनी बेयरस्टो दो सलामी बल्लेबाज होंगे जबकि तीसरे नंबर पर विलियम्सन बल्लेबाजी करने आएंगे. भारतीय कप्तान कोहली चौथे नंबर के बल्लेबाज हैं और उनके बाद, शाकिब अल-हन, बेन स्टोक्स, पांड्या और जडेजा का नंबर है. तेंदुलकर ने मिशेल स्टार्क, जोफ्रा आर्चर और बुमराह को अपने तीन तेज गेंदबाजों के रूप में चुना है. बता दें कि वर्ल्ड कप के दौरान कई मौकों पर तेंदुलकर ने धोनी की आलोचना की थी. खासकर जब धोनी इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी 10 ओवरों में बड़े हिट लगाने में कामयाब नहीं हो पाए, उस वक्त धोनी तेंदुलकर के निशाने पर आ गए थे. हालांकि बाद में तेंदुलकर ने धोनी को टीम में रखने पर उनका बचाव भी किया. इससे पहले, आईसीसी ने भी विश्व कप के अपने 11 खिलाड़ियों को चुना था जिसमें केवल रोहित और बुमराह को जगह दी गई थी. तेंदुलकर की टीम : रोहित शर्मा, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), केन विलियम्सन (कप्तान), विराट कोहली, शाकिब अल-हसन, हार्दिक पांड्या, बेन स्टोक्स, रवींद्र जडेजा, मिशेल स्टार्क, जोफ्रा आर्चर और जसप्रीत बुमराह.
ICC की ताजा रैंकिंग में इंग्लैंड-न्यूजीलैंड ने किया कमाल, विराट-बुमराह टॉप पर कायम
और पढ़ें






















