स्टीव स्मिथ ने भारतीय गेंदबाजों को दी चेतावनी, कहा- इस चीज़ से नहीं लगता है डर
दुनिया के नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने भारतीय गेंदबाजों को खुली चेतावनी दी है. स्मिथ ने बताया है ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए क्या बात फायदेमंद साबित होगी.

भारतीय क्रिकेट टीम तीन-तीन मैचों की वनडे व टी20 सीरीज़ और चार मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेलने के लिए ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर पहुंच गई है. आज से उसने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में मात देने के लिए ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है. इस दौरे का आगाज़ 27 नवंबर को पहले वनडे के साथ होगा. इस बीच ऑस्ट्रेलियाई ‘रन मशीन’ स्टीव स्मिथ ने आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय तेज गेंदबाजों को चुनौती देते हुए कहा है कि उन्होंने जीवन में इतनी शॉर्ट गेंदों का सामना किया है कि अब उन्हें डर नहीं लगता है.
पूर्व कप्तान ने आगे कहा कि उनके सामने शॉर्ट गेंद डालने से ऑस्ट्रेलिया को ही फायदा होगा. उन्होंने न्यूज कोर से कहा, "यदि टीमें मुझे शॉर्ट गेंद डालने की सोच रही हैं तो इससे हमारी टीम को ही फायदा होगा. क्योंकि मैंने अपने जीवन में ऐसी गेंदें इतनी खेल ली हैं कि अब तनाव नहीं होता है."
न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले सत्र में बायें हाथ के तेज गेंदबाज नील वागनर ने चार बार स्मिथ को शॉर्ट पिच गेंदों पर आउट किया था.
स्मिथ ने कहा कि वागनर ने शानदार गेंदबाजी की थी, लेकिन दूसरे उसे दोहरा नहीं सकेंगे. उन्होंने कहा, "कुछ और विरोधी टीमों ने कोशिश की, लेकिन उस तरह नहीं कर पाये, जैसा वागनर ने किया था. वह कमाल का गेंदबाज है."
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन वनडे, तीन टी20 और चार टेस्ट खेलेगी. भारतीय तेज आक्रमण की कमान जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के हाथ में होगी. उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और नवदीप सैनी भी टेस्ट टीम का हिस्सा हैं.
स्टीव स्मिथ फिलहाल टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज हैं. चूंकि विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सिर्फ एक टेस्ट मैच ही खेलेंगे, इसलिए स्मिथ के पास आईसीसी रैंकिंग में अपनी जगह और मजबूत करने का मौका है.
Source: IOCL















