एक्सप्लोरर
World Cup 2019: रोहित शर्मा के चौथे शतक से सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया, बांग्लादेश को 28 रन से हराया
World Cup 2019: भारत के लिए रोहित शर्मा के अलावा हार्दिक पांड्या भी जीत के हीरो रहे जिन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए.

World Cup 2019: 2019 क्रिकेट वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा के चौथे शतक की बदौलत भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 28 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. भारत ऑस्ट्रेलिया के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाला दूसरा देश बना है. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को सिर्फ एक जीत की दरकार थी. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के सामने 315 रन की चुनौती रखी थी, जिसके जवाब में कड़ी टक्कर देते हुए बांग्लादेश की पारी 286 रन पर सिमट गई. भारत के लिए बुमराह ने चार विकेट लिए. इससे पहले रोहित शर्मा ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए ना सिर्फ वर्ल्ड कप में अपना पांचवां शतक लगाया बल्कि इस वर्ल्ड कप में 500 रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बने. रोहित शर्मा अब 544 रन के साथ इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इतना ही नहीं रोहित शर्मा सचिन तेंदुलकर के बाद वर्ल्ड कप में 500 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने. 315 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और तमीम इकबाल 22 रन बनाकर शानदार फॉर्म में चल रहे शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए. इसके बाद शाकिब और सौम्या सरकार ने मिलकर बांग्लादेशी पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन सरकार भी ज्यादा देर तक टिक नहीं सके और 33 रन बनाकर पांड्या का शिकार हो गए. उस वक्त टीम का स्कोर 74 रन था. रहीम और शाकिब के बीच 47 रन की पार्टनरशिप को चहल ने ब्रेक किया. रहीम 24 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद लिटन दास और शाकिब ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की. लेकिन लिटन 22 रन बनाकर चलते बने. हुसैन ने सिर्फ 3 रन बनाए. वहीं दूसरे छोर पर शाकिब ने डटे रहते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया. शाकिब बांग्लादेश की पारी को संभाले हुए थे, पर पांड्या ने 66 के स्कोर पर उनकी पारी का अंत किया. जब शाकिब आउट हुए उस वक्त बांग्लादेश का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 179 रन हो गया. शाकिब का आउट होने के बाद शब्बीर और सफुद्दीन ने सातवें विकेट के लिए 66 रन की पार्टनरशिप करके मैच को रोमांचक बना दिया था. लेकिन बुमराह ने 44वें ओवर की पहले गेंद पर शब्बीर को पवेलियन भेजकर खतरनाक दिख रही पार्टनरशिप का अंत किया. सफुद्दीन ने आखिर तक जीत की कोशिश करते हुए 37 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. लेकिन बुमराह ने 48वें ओवर में दो विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी का अंत किया. भारत के लिए बुमराह ने चार और पांड्या ने तीन विकेट लिए. भुवनेश्वर को दो विकेट मिले, जबकि चहल को एक विकेट. 48 ओवर में बांग्लादेश 286 रन बनाकर ऑलआउट हुई. रोहित शर्मा ने लगाया चौथा शतक भारतीय टीम को रोहित शर्मा (104) और लोकेश राहुल (77) ने शानदार शुरुआत दी. लेकिन, बाद में रफ्तार ऐसी ही नहीं रह सकी. आखिरी के पांच ओवरों में भारतीय टीम 35 रन ही बना सकी और चार विकेट गंवा बैठी. बांग्लादेश के लिए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान ने 10 ओवरों में 59 रन देकर पांच विकेट लिए. आखिरी ओवर में रहमान ने सिर्फ तीन रन दिए और दो विकेट लिए. भुवनेश्वर इस ओवर में रनआउट हुए. भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 314 का स्कोर खड़ा किया. रोहित जहां तेजी से रन बनाने के मूड में थे तो राहुल ने समझदारी दिखाते हुए उनको स्ट्राइक देने का काम किया. रोहित को शुरुआत में एक जीवनदान भी मिला. तमीम इकबाल ने उनका कैच छोड़ दिया. यहां रोहित सिर्फ नौ रनों के निजी स्कोर पर थे. रोहित को इस तरह का जीवनदान देना कितना खतरनाक था, यह बांग्लादेश को पता चला. रोहित ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. उन्होंने 29वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर इस विश्व में अपना चौथा और कुल 26 शतक पूरा किया. इस जीत के साथ ही भारत के 13 प्वाइंट्स हो गए हैं और वह प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है.
और पढ़ें
Source: IOCL















