IPL मैचों पर थी ISI की नजर, चार युवक गिरफ्तार
पंजाब पुलिस की जासूसी निरोधी शाखा ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा कथित तौर पर ट्रेन्ड चार युवकों को गिरफ्तार किया है. ये युवक मोहाली में आईपीएल के मैच के दौरान खालिस्तान के मुद्दे को उठाने की साजिश रच रहे थे.

पंजाब पुलिस की जासूसी निरोधी शाखा ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा कथित तौर पर ट्रेन्ड चार युवकों को गिरफ्तार किया है. ये युवक मोहाली में आईपीएल के मैच के दौरान खालिस्तान के मुद्दे को उठाने की साजिश रच रहे थे.
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि इन युवाओं को आईएसआई के एक एजेंट ने सोशल मीडिया के जरिये राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए ट्रेन किया था. इन्हें बसों और शराब के ठेकों को जलाकर खालिस्तान पर ‘जनमत संग्रह-2020’ की बात प्रचारित करने को कहा गया था.
प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें सोमवार को शहीद भगत सिंह नगर से गिरफ्तार किया गया. वे शराब के एक ठेके को आग लगाने जा रहे थे. उन्होंने बताया, ‘‘उनके पास से दस लीटर डीजल और अन्य सामान जब्त किये गए हैं.’’
पुलिस ने बताया कि युवा फेसबुक पेज‘ रेफरेंडम-2020’ के सदस्य हैं.
शुरुआती पूछताछ के दौरान युवाओं ने स्वीकार किया कि उन्हें दीप कौर उर्फ कुलवीर कौर नामक महिला फेसबुक के जरिये चरमपंथ की ट्रेनिंग दे रही थी. उसने उनका परिचय एक आईएसआई एजेंट से कराया, जिसका फतेह सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल है.
प्रवक्ता ने बताया, ‘‘फतेह सिंह ने उन्हें शराब की दुकानों, बसों में आग लगाकर अफरातफरी का माहौल पैदा करने को कहा. उन्हें विभिन्न स्थानों पर ‘रेफरेंडम-2020’ के पोस्टर लगाने को भी कहा गया था.’’
गिरफ्तार युवकों की पहचान मनवीर सिंह, जसप्रीत सिंह, सुखविंदर सिंह और रणधीर के रूप में हुई। वे शहीद भगत सिंह नगर जिले के खानखाना गांव के रहने वाले हैं.


















