US Army Chief: जंग के बीच अमेरिका ने अपने आर्मी चीफ को क्यों जबरन हटाया? रक्षामंत्री पीट हेगसेथ ने दिया आदेश- 'तुरंत...'
US Army Chief: अमेरिकी आर्मी चीफ जनरल रैंडी जॉर्ज को रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पद छोड़ने का आदेश दे दिया है. मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच पेंटागन में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं.

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच अमेरिका में एक बड़ा सैन्य बदलाव देखने को मिला है. अमेरिकी सेना के प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने तुरंत रिटायर होने के लिए कहा है. यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब अमेरिका ईरान के साथ युद्ध लड़ रहा है. पेंटागन ने इस बात की पुष्टि की है कि रक्षा मंत्री ने आर्मी के सबसे बड़े अधिकारी को पद से हटने को कहा है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं किया गया है कि उन्हें हटाने की असली वजह क्या है.
CBS की रिपोर्ट के मुताबिक पीट हेगसेथ अपने पद पर आने के बाद से लगातार सेना में बड़े बदलाव कर रहे हैं. वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा नीति के अनुसार सेना को नए तरीके से ढालना चाहते हैं. इसी के तहत अब तक कई बड़े जनरल और एडमिरल को हटाया जा चुका है या उन्हें समय से पहले रिटायर होना पड़ा है. जनरल जॉर्ज को हटाया जाना भी उसी प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है.
जनरल रैंडी जॉर्ज अनुभवी सैन्य अधिकारी
जनरल रैंडी जॉर्ज एक अनुभवी सैन्य अधिकारी रहे हैं. वह वेस्ट प्वाइंट मिलिट्री अकादमी से पढ़े हैं. उन्होंने खाड़ी युद्ध के साथ-साथ इराक और अफगानिस्तान में भी सेवा दी है. उन्हें साल 2023 में आर्मी चीफ बनाया गया था और आमतौर पर यह पद 4 साल के लिए होता है. इससे पहले वह आर्मी के उप प्रमुख रह चुके हैं. वह रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के सैन्य सलाहकार भी रह चुके हैं. उन्होंने 2021 से 2022 के बीच ऑस्टिन के साथ काम किया था, जब अमेरिका में जो बाइडेन की सरकार थी. जनरल जॉर्ज को हटाया जाना पेंटागन में चल रहे बड़े बदलावों का हिस्सा है. इससे पहले भी कई बड़े सैन्य अधिकारियों को हटाया गया था, जिनमें नौसेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे. यहां तक कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल चार्ल्स ब्राउन को भी पद से हटा दिया था.
अमेरिका की सेना में बड़े स्तर पर बदलाव
अमेरिका में हाल के समय में एक दर्जन से ज्यादा बड़े सैन्य अधिकारी या तो हटाए जा चुके हैं या उन्होंने समय से पहले रिटायरमेंट ले लिया है. जनरल जॉर्ज के डिप्टी जनरल जेम्स मिंगस को भी उनके पद से हटाया गया था. उनकी जगह नए अधिकारी की नियुक्ति की गई थी. अमेरिका की सेना में इस समय बड़े स्तर पर बदलाव हो रहे हैं, जो आने वाले समय में उसकी रणनीति और काम करने के तरीके को प्रभावित कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: ईरान जंग में फंसे डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा एक्शन, अमेरिका की अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी को हटाया















