वाराणसी: दर्शन-पूजन के साथ लोगों ने की नए साल की शुरुआत

वाराणसी: पूरा देश आज नए साल को धूमधाम से सेलिब्रेट कर रहा है. वाराणसी में लोगों ने नए साल की शुरुआत दर्शन-पूजन के साथ की. जिसके चलते यहां सभी मंदिरो में भक्तों की जबरदस्त भीड़ नजर आई. साल 2017 के पहले दिन लोगों ने भगवान के दर्शन करके उनसे ये साल मंगलमय होने की कामना की.

सभी मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
वाराणसी में काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा श्री काल भैरव के दरबार, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, लोहटिया स्थित बड़ा गणेश मंदिर या सोनारपुरा स्थित चिंतामणि गणेश जी का मंदिर, दुर्गा मंदिर हो सभी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ रही. सभी को दर्शन करने में अपनी बारी का इन्तजार करना पड़ा.
सभी मंदिर भक्तो द्वारा लगाये जा रहे जयकार के उद्घोष से गुंजायमान रहे. इस मौके पर देश के कोने कोने से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेक कर साल 2017 के सुखद होने की कामना की.
वाराणसी के घाटों पर आरती और वंदन के साथ नए साल का अभिनन्दन
वाराणसी के पावन घाट और यहां की सुबह तो अपने मनोरम नज़ारे के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है लेकिन आज का दिन कुछ ख़ास है. वाराणसी के अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट पर नए साल का स्वागत कुछ अलग ही होता है.
वाराणसी के गंगा घाटों पर विश्वविख्यात सूर्योदय का नजारा लेने देसी औऱ विदेशी पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों का भी जमावड़ा लग रहता है. हर साल की तरह इस साल भी साल 2017 के पहले दिन वाराणसी के अस्सी घाट पर नए साल की विशेष आरती की गई.
Source: IOCL

























