बिहार: तेजस्वी ने पूछा सवाल, नीतीश कुमार आप तेल की कीमतें कब घटा रहे हैं?
गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा समेत अधिकतर बीजेपी शासित राज्यों ने वैट में 2.50 रुपये की कटौती की घोषणा की.

नई दिल्ली: गुरुवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देते हुए केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल पर 1.5 रुपये एक्साइज ड्यूटी घटा दी. इसके बाद पेट्रोल, डीजल ढाई रुपये तक सस्ता हो जाएगा. सरकार के इस एलान के बाद बीजेपी शासित कई राज्यों की सरकारों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने की घोषणा की. वहीं बिहार के डिप्ट सीएम सुशील मोदी ने कल कहा कि पहले हम सरकार का आदेश देखेंगे फिर फैसला करेंगे.
अब बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की सरकार पर निशाना साधा है. तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार ये बताएं कि उनकी सरकार तेल की कीमतें कब घटा रही है. तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया, ''नीतीश जी, आपकी डबल इंजन नहीं ट्रबल इंजन की सरकार है। ये बताइये, तेल की क़ीमतें कब घटा रहे है?''
नीतीश जी, आपकी डबल इंजन नहीं ट्रबल इंजन की सरकार है। ये बताइये, तेल की क़ीमतें कब घटा रहे है? pic.twitter.com/aOeoqxyxgs
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) October 5, 2018
गुरुवार को सुशील मोदी ने कहा, '' ''हमें जेटली जी की तरफ से कोई चिट्ठी नहीं मिली है. पहले हम आदेश को देखेंगे तब पेट्रोल और डीजल पर कोई फैसला करेंगे.'' इसके साथ ही उन्होंने कहा, ''दूसरे राज्यों की स्थिति अलग है, इसलिए पहले लेटर आने दें.''
केंद्र सरकार की इस घोषणा के बाद गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा समेत अधिकतर बीजेपी शासित राज्यों ने वैट में 2.50 रुपये की कटौती की घोषणा की.






















