बिहार: लॉकडाउन के बाद भी सुपौल में चल रही थी भोजपुरी फिल्म की शूटिंग, पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं. कोरोना वायरस को लेकर जारी लॉकडाउन के बावजूद भी सुपौल में भोजपुरी फिल्म 'इश्क दिवाना' की शूटिंग चल रही थी.

सुपौल: पूरी दुनिया कोरोना से परेशान है पर भोजपुरी फिल्मी दुनिया के लोग शूटिंग में व्यस्त हैं. सुपौल के एक गांव में फ़िल्म की शूटिंग करते इन कलाकारों को खुद या किसी औरों की जान की परवाह ही नहीं है. लेकिन जैसे ही पुलिस को पता चला पुलिस ने शूटिंग रुकवा दी और कार्रवाई की.
सुपौल में जारी लॉकडाउन के बीच हो रही फिल्मी शूटिंग पर एसएसपी मनोज ने कड़े एक्शन लेकर सिनेमा के प्रोड्यूसर पर केस दर्ज करने का आदेश दिया है. प्रखंड स्तर पर पीपरा बीडीओ ओर सीओ द्वारा जांच में मामले को दबाए जाने के बाद एसएसपी ने खुद जांच कर कार्रवाई की है.
फ़िल्म के कैमरे भी पुलिस ने जब्त कर लिए है. दरअसल, पीपरा थाना के रतौली गांव में लॉकडाउन के बावजूद भोजपुरी सिनेमा ‘इश्क़ दीवाना’ की शूटिंग चल रही थी. इसे देखने सैकड़ों लोगों की भीड़ वहां जमा थी. इसके बाद किसी ने मामले की शिकायत सदर एसडीओ कयूम अंसारी को कर दी.
एसडीओ सदर के द्वारा पीपरा के बीडीओ और सीओ को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिया गया. लेकिन बीडीओ पीपरा ने अपने वरीय अधिकारी को झूठी जानकारी दी और किसी प्रकार के फिल्मी शूटिंग से इनकार कर दिया. स्थानीय लोग इस बात की शिकायत लगातार करते रहे. इसके बाद एसएसपी मनोज ने खुद रतौली गांव पहुँच कर मामले की जांच की तो सच सामने आ गया.
एसएसपी के आदेश पर फ़िल्म के प्रोड्यूसर पर पीपरा थाना में मामला दर्ज करने की करवाई शुरू कर दी गई है. इस बाबत एसडीओ कयूम अंसारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेकर करवाई की जा रही है.
Source: IOCL























