राजस्थान: पांच साल तक नहीं बढ़ेंगे किसानों की बिजली के दाम- अशोक गहलोत
गहलोत ने किसान रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार लघु और सीमांत किसानों को पेंशन देने की दिशा में काम कर रही है.

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के किसानों के लिये कई बडी घोषणाएं बुधवार को की. इन घोषणाओं में अगले पांच साल तक बिजली की दरें नहीं बढ़ाना और अगले छह माह में बिजली के एक लाख कृषि कनेक्शन देना शामिल है. गहलोत ने किसान रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार लघु और सीमांत किसानों को पेंशन देने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि लघु व सीमांत किसानों को खाद्य प्रसंस्करण इकाई लगाने के लिए दस हेक्टेयर तक की अपनी जमीन का परिवर्तन कराने जरूरत नहीं होगी. किसान भूमि रूपांतरण के बगैर अपनी इकाई लगा पायेगा.
गहलोत ने कहा, ''एक लाख कनेक्शन बकाया पड़े हैं. किसानों की मांग देखते हुए आगामी जून महीने तक एक लाख कृषि कनेक्शन दिये जायेंगे और इसकी तैयारी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि किसानों के बिजली के पांच साल तक कोई दाम नहीं बढेगे. न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों का भुगतान बकाया है और केन्द्र सरकार धनराशि जारी नहीं कर रही है, इसके बारे में हमने तय किया है कि जब तक पैसा नहीं आता है, राज्य सरकार राजफैड को एक हजार करोड़ रूपये देकर किसानों का बकाया अविलम्ब चुकाया जायेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा इसी प्रकार आने वाले वक्त में चने और सरसों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीददारी की जायेगी. गहलोत ने कहा, ''कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का सपना है कि फूड प्रोसेंसिग के माध्यम से किसान के उत्पाद का मूल्य वर्धन हो, उसके उत्पाद का निर्यात हो, इसके लिये हमने पहल की है और तय करेंगे कि लघु और सीमांत किसानों के लिये अलग से योजना बने.''
गहलोत ने कहा, ''80 फीसदी किसान गांवों में रहते हैं. उनकी समस्या अलग तरह की होती है. उनकी तरफ ध्यान देना हमारा कर्तव्य बनता है. सरकार गांवों पर ज्यादा फोकस कर रही है इसलिये किसानों का कर्जा माफ किया है किसानों को फोकस करके कैसे हम आगे बढे यह देश और प्रदेश की जरूरत है.''
सुप्रीम कोर्ट में कल सुना जाएगा अयोध्या मामला, पांच जजों की संविधान पीठ का हुआ है गठन
लोकसभा चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि हमने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी हैं. ''हम राजस्थान में सभी 25 लोकसभा सीटें कैसे जीतें और बीजेपी को कैसे सबक सिखायें यह हमारा संकल्प होना चाहिए.''
यह भी देखें























