राजस्थान: अलवर की गैंगरेप पीड़िता और उसके परिवार से कल मुलाकात करेंगे राहुल गांधी
सामूहिक दुष्कर्म के पांचों आरोपियों और वीडियो को वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है. इस संबंध में दो मई को मामला दर्ज किया गया था.

अलवर: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के गुरुवार को अलवर के थानागाजी थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात करने की संभावना है. पार्टी सूत्रों के अनुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांधी की आज अलवर में पीड़िता के साथ मुलाकात तय थी लेकिन अब वे पीड़िता से कल मिलेंगे. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी गांधी के साथ रहेंगे.
गौरतलब है कि अलवर के थानागाजी-अलवर मार्ग पर अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर जा रही महिला के साथ 26 अप्रैल को आरोपियों ने पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म किया. इस संबंध में दो मई को मामला दर्ज किया गया. चार मई को सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया. सामूहिक दुष्कर्म के पांचों आरोपियों और वीडियो को वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है.
लोकसभा चुनाव के अगले दिन मामला उजागर होने के बाद विपक्षी बीजेपी ने सरकार पर चुनाव के दौरान राजनीतिक कारणों से इस मामले को छिपाने का आरोप लगाया. सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में अलवर, जयपुर, दौसा सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक विरोध प्रदर्शन किये गये. दौसा में मंगलवार को बीजेपी के राज्यसभा सदस्य किरोडी लाल मीणा के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन हिंसक हो गया जिसमें छह लोग घायल हो गये. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बसपा सुप्रीमो मायावती सहित अन्य नेताओं ने सामूहिक दुष्कर्म की निंदा की है.
ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में सब कुछ नष्ट करने पर उतारू हैं- पीएम मोदी
यह भी देखें
Source: IOCL
























