पीएम मोदी ने दिया सांसदों को डिनर, आरजेडी, बीएसपी और टीएमसी नहीं हुई शामिल
होटल अशोका में आयोजित डिनर राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद के अलावा राजग और संप्रग के घटक दलों के विभिन्न नेता शामिल हुए.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों राजधानी दिल्ली के अशोका होटल में में डिनर दिया. इस डिनर के लिए दोनों सदनों के लगभग 750 सदस्यों को संसदीय कार्य मंत्री की ओर से आमंत्रण भेजा गया. होटल अशोका में आयोजित डिनर राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद के अलावा राजग और संप्रग के घटक दलों के विभिन्न नेता शामिल हुए.
इनमें द्रमुक की कनिमोई, आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, बीजेपी में शामिल हुये टीडीपी के तीन सांसद वाई एस चौधरी, सी एम रमेश और टी जी वेंकटेश भी शामिल थे. वहीं आरजेडी, टीएमसी, बीएसपी के सांसद पीएम मोदी के डिनर में शामिल नहीं हुए.
सूत्रों के मुताबिक इस डिनर में प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों को संबोधित किया, इस दौरान सभी सांसद खड़े रहे. प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों को चुने जाने के लिए बधाई दी और कहा कि आप सभी अगले पाँच साल जनता की सेवा करिए. इसके साथ ही पीएम मोदी ने पूर्व स्पीकर सुमित्रा महाजन को शॉल भेंट कर उनका अभिनंदन किया और उनके कार्यकाल की सराहना की.
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री की ओर से दिए डिनर का मकसद नए सांसदों को पुराने सदस्यों एवं केंद्रीय मंत्रियों से मिलने का अवसर मुहैया कराना है. इसी प्रकार संसद का सत्र शुरु होने से पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सर्वदलीय बैठक में कहा था कि जनहित के मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार कर विचार विमर्श किया जाना चाहिये.























