मानसून सत्र की कार्यवाही से पहले पीएम मोदी ने सोनिया, राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं का किया अभिवादन
पीएम मोदी ने देवगौड़ा, मुलायम सिंह यादव, खड़गे और थंबीदुरई से हाथ मिलाया, जबकि सोनिया का हाथ जोड़कर अभिवादन किया. उन्होंने खड़गे और मुलायम सिंह यादव से बातचीत भी की. दूसरी कतार में बैठे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का भी उन्होंने अभिवादन किया.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले लोकसभा में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कई विपक्षी नेताओं का अभिवादन किया. कार्यवाही शुरू होने से पांच मिनट पहले सदन में पहुंचे पीएम मोदी विपक्षी सदस्यों की तरफ बढ़े और पहली कतार में बैठे विपक्षी नेताओं का अभिवादन किया.
पहली कतार में सोनिया गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, समाजवादी पार्टी नेता मुलायम सिंह यादव, सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुजन खड़गे और लोकसभा उपाध्यक्ष एम थंबीदुरई बैठे थे.
पीएम मोदी ने देवगौड़ा, मुलायम सिंह यादव, खड़गे और थंबीदुरई से हाथ मिलाया, जबकि सोनिया का हाथ जोड़कर अभिवादन किया. उन्होंने खड़गे और मुलायम सिंह यादव से बातचीत भी की. दूसरी कतार में बैठे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का भी उन्होंने अभिवादन किया.
सदन में दाखिल होने के तुरंत बाद मोदी ने हाथ जोड़कर सदस्यों को प्रणाम किया. लोक जनशक्ति पार्टी सदस्य रामचंद्र पासवान ने आदर के साथ पीए मोदी के पांव छुए. मोदी के सदन में दाखिल होते ही बीजेपी सदस्य अपनी-अपनी सीटों पर खड़े हो गए और प्रधानमंत्री के बैठने के बाद ही वे अपनी सीटों पर बैठे.
इससे पहले दिन में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने सभी पार्टियों से देशहित में काम करने की अपील की. उन्होंने उम्मीद जताई कि तीन सप्ताह से लंबे मॉनसून सत्र के दौरान सांसद देश हित में चर्चा में हिस्सा लेंगे.
राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डालने आए मोदी ने कहा, "यह मॉनसून सत्र कई तरह से बेहद खास है, क्योंकि देश अपने नए राष्ट्रपति का चुनाव करेगा." पीएम मोदी ने कहा, "जीएसटी ने उस अच्छाई को दर्शाया है, जिसे देशहित में सभी दलों के साथ मिलकर काम कर हासिल किया जा सका. जीएसटी की भावना हमारी मजबूती के बढ़ने के बारे में है. मुझे उम्मीद है कि जीएसटी के प्रति जो भावना थी, वह सत्र में बरकरार रहेगी."
पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह मॉनसून उम्मीदों का सूत्रपात करता है, 'यह सत्र भी वही उम्मीद लाता है.'























