एक्सप्लोरर
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- चीन और कोरोना दोनों से जंग जीतेगा भारत, पढ़ें 10 बड़ी बातें
राष्ट्रीय राजधानी में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने एक इंटरव्यू के दौरान दिल्ली में कोरोना के मद्देनजर किए गए तमाम उपायों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि दिल्ली में हालात काबू में हैं. वहीं उन्होंने राहुल गांधी पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया.

(फाइल फोटो)
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक इंटरव्यू के दौरान भारत-चीन सीमा विवाद और दिल्ली में कोरोना वायरस की स्थिति पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने राहुल गांधी पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संसद होनी है. चर्चा करनी है आइए, करेंगे. कोई नहीं डरता चर्चा से. 1962 से अबतक की स्थिति पर दो-दो हाथ हो जाए.मगर जब देश के जवान संघर्ष कर रहे हैं, सरकार स्टैंड लेकर ठोस कदम उठा रही है उस वक्त ऐसे बयान नहीं देने चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में कम्युनिटी ट्रांसमिशन की बात को खंडन किया. अमित शाह के इंटरव्यू की 10 बड़ी बातें
- अमित शाह ने कहा कि 14 जून को दिल्ली में कुल 9,937 बेड्स उपलब्ध थे, आज दिल्ली में लगभग 30 हजार बेड्स की व्यवस्था हो चुकी है.
- बेडों को लेकर अमित शाह वे कहा कि पहले आइसोलेशन बेड की कीमत 24-25हज़ार थी जो अब 8-10 हज़ार कर दी गई है. बिना वेंटिलेटर के ICU का पहले रेट 34-43 हज़ार अब 13-15हज़ार हो गया है. वेंटिलेटर के साथ ICU का रेट 44-54हज़ार था उसे 15-18हज़ार कर दिया गया है. इसमें रहने, टेस्ट और दवाइयों का खर्चा शामिल है.
- दिल्ली में 350 से ज्यादा शव (कोरोना मरीज) बिना संस्कार के पड़े थे. हमने तय किया कि 2 दिनों के भीतर शवों का अंतिम संस्कार धर्म के अनुसार किया जाएगा. अभी कोई भी शव अंतिम संस्कार के बिना नहीं बचा है.
- गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली में हमने बड़े पैमान पर टेस्टिंग बढ़ा दी है.अब पहले से 4 गुना ज्यादा टेस्टिंग हो रही है.दिल्ली में 30 जून तक कंटेनमेंट जोन के हर घर का सर्वेक्षण हो जाएगा.
- अमित शाह बोले कि हमने दिल्ली सरकार को तत्काल 500 ऑक्सीजन सिलेंडर, 440 वेंटिलेटर दिए हैं. एंबुलेंस के लिए दिल्ली सरकार को कहा है कि प्राइवेट कंपनियों के साथ मिलकर आप इनकी जरूरत पूरी कर सकते हैं. आने वाले समय में और मदद भी दिल्ली सरकार को दी जाएगी.
- अमित शाह ने कहा कि दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया बयान से लोगों में डर फैल गया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 31 जुलाई तक दिल्ली में 5.5 लाख कोरोना मामले हो जाएंगे , वो स्थिति अब दिल्ली में नहीं आएगी.
- अमित शाह ने कहा कि इलाज पर केंद्र ने दिल्ली सरकार का फैसला बदल दिया है. दिल्ली में सबका इलाज होगा, केंद्र सरकार सभी राज्यों की मदद करने को तैयार है.
- राहुल गांधी के सरेंडर मोदी वाले बयान पर अमित शाह बोले कि संसद होनी है. चर्चा करनी है आइए, करेंगे. कोई नहीं डरता चर्चा से. 1962 से अबतक की स्थिति पर दो-दो हाथ हो जाए.मगर जब देश के जवान संघर्ष कर रहे हैं, सरकार स्टैंड लेकर ठोस कदम उठा रही है उस वक्त ऐसे बयान नहीं देने चाहिए, जिससे पाकिस्तान या चीन को खुशी हो.
- अमित शाह ने कहा कि सरकार भारत विरोधी प्रोपगेंडा से लड़ने में सक्षम है लेकिन यह देखकर दुख होता है कि इतनी बड़ी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ऐसी 'ओछी' राजनीति करते हैं. कांग्रेस और राहुल को खुद इस बारे में सोचना चाहिए. उनकी इस बात को पाकिस्तान और चीन में लोग हैशटैग बनाकर इस्तेमाल कर रहे थे.
- गृह मंत्री ने कहा- राहुल गांधी को एडवाइज देने का काम उनकी पार्टी के नेताओं का है. मैंने पहले भी कहा है कि कुछ वक्रदृष्टा लोग होते हैं उन्हें सीधी बात भी वक्र दिखाई पड़ती है. भारत सरकार ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई ढंग से लड़ी है.
और पढ़ें























