मध्य प्रदेश किसान आंदोलन: जानें क्या है किसानों की मांग ?

मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर में आंदोलन कर रहे किसानों पर मंगलवार को पुलिस ने फायरिंग कर दी, जिससे तीन किसानों की मौत हो गई है जबकि कई किसान घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक उग्र किसानों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोलीबारी करनी पड़ी, जिसमें किसान की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं. गोलीबारी की घटना आज दोपहर करीब दो बजे घटी.
जानें क्यों आंदोलन कर रहे हैं किसान ?
मध्य प्रदेश में किसान पिछले सप्ताह गुरुवार से कर्ज माफी और फसलों के वाजिब दाम की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. एमपी में किसानों का आंदोलन आज छठवें दिन भी जारी रहा और उसने उग्र रूप ले लिया. कई स्थानों पर पथराव किया, सब्जी फेंकी और हंगामा किया.
जानें क्या है किसानों की मांग ?
- फसलों का उचित दाम मिले.
- कर्ज माफी हो.
- मंडी शुल्क वापस लिया जाए.
- बिजली के बढ़े हुए बिल वापस लिए जाए.
- जिन किसानों पर मुकदमा दर्ज हुआ है, उसे वापस लिया जाए.
- सभी फसलों का समर्थन मुल्य बढाया जाए.
एक जून से 10 जून तक की हड़ताल पर हैं किसान
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के किसान एक जून से 10 जून तक की हड़ताल पर हैं. उनकी मांग कर्ज माफी और फसल का उचित दाम है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से आठ रुपये प्रति किलोग्राम प्याज खरीदने के साथ एक हजार करोड़ रुपये का मूल्य स्थिरीकरण कोष बनाने का ऐलान किया है.
हड़ताल को राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ का भी समर्थन
भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद आंदोलन को रविवार को स्थगित कर दिया था, लेकिन भारतीय किसान यूनियन, आम किसान यूनियन ने हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है. इस हड़ताल को राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ का भी समर्थन मिल गया है.
महंगे दाम पर बिक रहा है दूध
किसानों की हड़ताल के चलते राजधानी में दूध की आपूर्ति प्रभावित हो रही है. वहीं कई स्थानों पर महंगे दाम पर दूध बिक रहा है. इसी तरह के हालात कई अन्य इलाकों में भी है, क्योंकि सब्जी मंडी और दुग्ध केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहा है.






















