बीजेपी MLC ने महिला MLC से की बदतमीज़ी, लालू बोले- कल्पना करो, बाहर क्या गुल खिलाते होंगे?

पटना: बिहार में बीजेपी के विधान पार्षद (एमएलसी) लालबाबू प्रसाद द्वारा कथित तौर पर एक महिला एमएलसी के साथ दुर्व्यवहार और बदतमीजी किए जाने की घटना के बाद सत्ताधारी महागठबंधन के नेता बीजेपी पर लगातार निशाना साध रहे हैं.
इसे लेकर में आरजेडी के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने शुक्रवार को बीजेपी नेताओं को 'मवाली' तक कह दिया. लालू ने शुक्रवार को ट्वीट किया, "भाजपाई इतने मव्वाली हैं कि सदन में भी महिला जनप्रतिनिधियों को छेड़ने से परहेज नहीं करते. कल्पना करो, बाहर क्या गुल खिलाते होंगे? बेशर्म."

एक दूसरे ट्वीट में लालू ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए लिखा, "भाजपा ने बेशर्मी की सारी हदें तोड़ दीं."
बेशर्मी की सारी हदें तोड़ते हुए भाजपाई। https://t.co/FKUP746qF6
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) March 30, 2017
गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद में बुधवार की शाम लालबाबू ने लोजपा की एक महिला एमएलसी से कथित तौर दुर्व्यवहार और अभद्रता की थी, जिसके बाद विधायक नीरज कुमार और लालबाबू के बीच मारपीट की घटना हुई थी. इसके बाद शुक्रवार को बीजेपी ने हालांकि लालबाबू को पार्टी से निलंबित कर दिया.
राज्य के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी गुरुवार को ट्वीट कर आरोप लगाया था कि बीजेपी ने महिला एमएलसी को बेशर्मी से छेड़ने वाले बीजेपी उपाध्यक्ष और एमएलसी लालबाबू को संरक्षण दे रखा है, इसलिए बर्खास्त नहीं किया.






















