पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरजेडी के वरिष्ठ नेता रघुनाथ झा का 79 साल की उम्र में निधन
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रघुनाथ झा के निधन पर गहरा शोक और दुख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह एक कुशल राजनेता और कर्मठ समाजसेवी थे. उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्रों में भी अपूरणीय क्षति हुई है.

पटना/शिवहर: पूर्व केन्द्रीय मंत्री और आरजेडी के वरिष्ठ नेता रघुनाथ झा का दिल्ली के एक अस्पताल में सोमावार को निधन हो गया. रघुनाथ झा के बेटे और दो बार आरजेडी से विधायक रहे अजित कुमार झा ने बताया कि बीती देर रात करीब डेढ़ बजे उनके पिता रघुनाथ झा ने दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांसें लीं. वह 79 वर्ष के थे. उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रघुनाथ झा के निधन पर गहरा शोक और दुख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह एक कुशल राजनेता और कर्मठ समाजसेवी थे. उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्रों में भी अपूरणीय क्षति हुई है.
सीएम नीतीश दिवंगत रघुनाथ झा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराये जाने की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति, उनके परिजनों, अनुयायियों और प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
रघुनाथ झा के बेटे अजित कुमार झा ने बताया कि उनके पिता का अंतिम संस्कार कल शिवहर जिला के पिपराही प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव अंबा में किया जाएगा. उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने रघुनाथ झा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
सुशील मोदी ने रघुनाथ झा के निधन को बिहार की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और उनके समर्थकों, परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने रघुनाथ झा के निधन पर गहरा शोक जताया है.
बिहार के वरिष्ठ नेता,पूर्व केंद्रीय मंत्री, हमारे अभिभावक, पारिवारिक मित्र और राजद के शीर्ष नेता श्री रघुनाथ झा जी के निधन से मर्माहत हूँ।उनके निधन से बिहार को सामाजिक,राजनीतिक और मुझे व्यक्तिगत अपूरणीय क्षति हुई है।भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) January 15, 2018
राबड़ी देवी ने राघुनाथ झा के निधन को आरजेडी परिवार के साथ साथ उनके परिवार के लिये भी व्यक्तिगत क्षति बताया. उन्होंने कहा, ‘‘उनका संबंध हमारे पूरे परिवार से काफी गहरा था. वह सदा से हमलोगों के हितैशी रहे.’’ राबड़ी देवी ने कहा कि रघुनाथ झा की सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में काफी गहरी पैठ थी. सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के आदर्श को मजबूत करने में उनकी बड़ी भूमिका रही. ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति दे और परिजनों को इस शोक को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
रघुनाथ झा का 37 सालों का संसदीय जीवन रहा. वह लगातार छह बार शिवहर से विधायक और दो बार क्रमशः गोपालगंज और बेतिया से सांसद रहे. रघुनाथ झा बिहार सरकार में डेढ़ दर्जन से अधिक विभागों के मंत्री रहे थे. इसके अलावा वह केन्द्र में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में भारी उद्योग राज्यमंत्री रहे थे.
रघुनाथ झा जनता दल के गठन के बाद उसके प्रथम प्रदेश अध्यक्ष के साथ साथ पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर नीत सजपा और समता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे थे. साल 1990 में लालू प्रसाद को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी.


















