घिनौनी हरकत: अपने ही नाना ने नातिन की लूट ली आबरू!

ठाणे: अपनी ही नातिन से रेप करने के मामले में पुलिस ने 50 साल के एक व्यक्ति को ठाणे जिले के बदलापुर टाउनशिप से गिरफ्तार किया है.
बदलापुर (पूर्व) पुलिस थाने के सीनियर इंस्पेक्टर डी पी राजभोज ने बताया कि पीड़िता की उम्र 18 साल है और वो राजस्थान के जयपुर में अपने माता-पिता के साथ रहती है. पिछले महिने ही वो अपने नाना-नानी के पास कुछ समय के लिए बदलापुर रहने आई थी.
उन्होंने बताया कि एक जुलाई को जब उसकी नानी किसी काम के लिए घर से बाहर गई थी तो आरोपी ने लड़की को घर के अंदर बंद कर दिया. फिर उसने लड़की के साथ कथित तौर पर रेप किया.
लड़की के माता पिता हैं मज़दूर
उन्होंने बताया कि लड़की के माता-पिता मज़दूर हैं जो काम के लिए एक जगह से दूसरी जगह जाते रहते हैं. तीन जुलाई की रात को लड़की अपने नाना-नानी के घर से भाग गई. राजस्थान में अपने माता-पिता के पास जाने के लिए वह बदलापुर से एक लोकल ट्रेन में सवार हुई और फिर बांद्रा रेलवे स्टेशन पहुंची.
आरपीएफ के जवानों की पूछताछ के बाद हुआ खुलासा
राजभोज ने बताया कि बांद्रा स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के जवानों ने लड़की को देखा और उससे पूछताछ की तो उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में उन्हें बताया.
उन्होंने बताया कि इसके बाद आरपीएफ कर्मी उसे ठाणे पुलिस के पास ले गए. चार जुलाई को ठाणे में बदलापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, धारा 323 और 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया.
कोर्ट ने आरोपी को 7 जुलाई तक के लिए भेजा पुलिस हिरासत में
गौरतलब है कि रेप के अपराध में धारा 376 के तहत अधिकतम उम्रकैद की सजा का प्रावधान है. आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे ठाणे की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
उन्होंने बताया कि लड़की को भिवंडी में एक पुनर्वास केंद्र भेजा गया है. पुलिस ने पीड़िता के माता-पिता से बात करके उन्हें इस घटना के बारे में सूचना दे दी है.























