एक्सप्लोरर
दुनिया में डेंगू के पहले टीके को 11 देशों में मंजूरी मिली

पेरिस: दुनिया में डेंगू का टीका बनाने वाली पहली कंपनी सनोफी-पास्चर ने मंगलवार को कहा कि उसके टीके को 11 देशों से मंजूरी मिल चुकी है. कंपनी द्वारा निर्मित डेंगू के टीके 'डेंगवाशिया' को हाल में इंडोनेशिया, थाईलैंड तथा सिंगापुर के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंजूरी दी. मेक्सिको, फिलीपींस, ब्राजील, अल साल्वाडोर, कोस्टारिका, पराग्वे, ग्वाटेमाला और पेरू पहले ही इस टीके को मंजूरी दे चुके हैं. सनोफी पास्चर के ग्लोबल मेडिकल अफेयर्स के प्रमुख सू पेइंग एनजी ने कहा, "टीके को चिकित्सा व लोक स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिल रही मान्यता से हम बेहद प्रसन्न हैं." उन्होंने कहा, "इस टीके की मदद से डेंगू प्रभावित देशों में लोक स्वास्थ्य अधिकारी 2020 तक विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा तय मृत्यु दर में 50 फीसदी तथा रोगियों की संख्या में 25 फीसदी कमी के लक्ष्य को पूरा कर सकते हैं." डेंगू का यह टीका लगाने से डेंगू के 10 में से आठ रोगी अस्पताल में भर्ती होने से बच जाते हैं और यह डेंगू के गंभीर मामलों में 93 फीसदी की कमी करता है.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
और पढ़ें
























