करियर के बुरे दौर में अंबानी परिवार ने दिया रणवीर सिंह का साथ, 'धुरंधर' के लिए जताया आभार
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' ने उनके करियर को नई रफ्तार दी है. एक्टर ने फिल्म को सपोर्ट करने के लिए अंबानी परिवार का आभार जताया है. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा.
रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' उनके करियर के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई है. इस फिल्म की जबरदस्त सफलता ने रणवीर सिंह के लड़खड़ाते करियर को एक बार फिर रफ्तार दे दी. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़े. वहीं, हाल ही में रणवीर सिंह ने एक डॉक्यूमेंट्री में फिल्म को सपोर्ट करने के लिए अंबानी परिवार का आभार जताया है.
'धुरंधर' को बनाना आसान नहीं था
रणवीर सिंह ने कहा कि जब उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगातार फ्लॉप हो रही थीं, उस वक्त जियो स्टूडियोज के जरिए अंबानी परिवार ने उन पर भरोसा जताया. रणवीर सिंह हाल ही में रिलायंस की एक डॉक्यूमेंट्री में नजर आए. इस दौरान उन्होंने 'धुरंधर' को बनाने के दौरान आई चुनौतियों और फिल्म को लेकर अंबानी परिवार के भरोसे के बारे में बात की.
रणवीर ने कहा, 'धुरंधर को बनाना आसान नहीं था, इसे माउंट करना आसान नहीं था और न ही इसे एग्जीक्यूट करना आसान था. कई सारी चुनौतियां थीं. इसके बावजूद अंबानी परिवार ने पूरे विश्वास के साथ फिल्म को सपोर्ट किया, ये जानते हुए कि अगर यह दांव सही बैठा तो हम एक नया इतिहास रचेंगे.'

मुश्किल दौर में मिला पूरा सपोर्ट
रणवीर ने आगे कहा कि उन्हें अंबानी परिवार की तरफ से लगातार प्यार और सपोर्ट मिला. उन्होंने अपने करियर के उस दौर को भी याद किया जब उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पा रही थीं. एक्टर ने कहा, 'मुझे खूब प्यार और सपोर्ट दिया गया. यहां तक कि उस समय भी जब मेरी फिल्में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही थीं. करियर में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन उस तरह का सपोर्ट मिलना मेरे लिए बहुत मायने रखता है. ये किसी आशीर्वाद से कम नहीं है.'

'धुरंधर' के बारे में जानिए
बता दें कि 'धुरंधर' 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म के राइटर और डायरेक्टर आदित्य धर हैं. इसे आदित्य धर, लोकेश धर और ज्योति देशपांडे ने जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और डेनिश पंडोर जैसे कई कलाकार नजर आए.

ये भी पढ़ें- निरहुआ ने बताया फैन ने काट लिया था हाथ, तो रानी चटर्जी-रवि किशन पर बरसे थे पत्थर
'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, 'धुरंधर' ने दुनिया भर में 1,307.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. इसकी कहानी एक भारतीय खुफिया एजेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान के कराची में मौजूद क्रिमिनल सिंडिकेट और राजनीतिक ताकतों के बीच घुसपैठ करता है और भारत को निशाना बनाने वाले आतंकी नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश करता है. इसे आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

'धुरंधर 2' ने भी बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल
वहीं, 'धुरंधर 2' 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इस फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, आदित्य धर की इस फिल्म ने दुनिया भर में 1,813.39 करोड़ रुपये कमाए थे. फिल्म में रणवीर सिंह ने एक बार फिर अपना धाकड़ अंदाज दिखाया था. इस फिल्म को आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं.
अब 'प्रलय' में नजर आएंगे रणवीर सिंह
वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह ने अपनी अगली फिल्म 'प्रलय' की शूटिंग शुरू कर दी है. ये एक सर्वाइवल ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं. 'प्रलय' को अनन्या बिड़ला के बिरला स्टूडियोज, ट्रू स्टोरी फिल्म्स और मां कसम फिल्म्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. रणवीर सिंह के अलावा इस फिल्म में 'लोका' की एक्ट्रेस कल्याणी प्रियदर्शन भी अहम भूमिका निभा रही हैं.
ये भी पढ़ें:- 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम एक्टर मोहसिन खान ने कर ली सगाई, शेयर की लव स्टोरी























