भारत में 1000 लोगों को नौकरी से निकालेगा Amazon, रिटेल टीम पर बड़ा असर
Amazon ने भारत, अमेरिका और ब्रिटेन में 1,000 से कम व्हाइट-कॉलर कर्मचारियों की छंटनी की है. जानें अमेजन में छंटनी की वजह क्या है और भारत पर इसका कितना असर पड़ा है.

ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी की है. कंपनी ने अपने रिटेल बिजनेस से जुड़े हिस्से में 1000 से कम कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है. जानने वाली बात ये है कि इस छंटनी का असर अमेरिका के साथ भारत और ब्रिटेन में काम कर रहे कर्मचारियों पर भी पड़ा है.
फिलहाल कंपनी का बड़ा शॉपिंग इवेंट प्राइम बिग डील डेज चल रहा था और इसी बीच अमेजन ने छंटनी का ऐलान कर दिया है. बता दें कि कंपनी की ये सेल मंगलवार से शुरू हुई थी और बुधवार तक चली है. इसी दौरान कंपनी ने अपने रिटेल बिजनेस में कर्मचारियों की संख्या घटाने का फैसला किया है.
अमेजन ने क्यों की छंटनी?
अमेजन के मुताबिक, कंपनी ने अपने रिटेल बिजनेस के कुछ हिस्सों में बदलाव किया है. कंपनी का कहना है कि नए स्ट्रक्चर से वो ज्यादा बेहतर तरीके से काम कर पाएगी. यानी कंपनी अपने काम करने के तरीके और टीम स्ट्रक्चर को फिर से थोड़ा व्यवस्थित कर रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस छंटनी में रिटेल डिवीजन के अलग-अलग हिस्से प्रभावित हुए हैं. इनमें कस्टमर सर्विस और सेलिंग पार्टनर सर्विसेज जैसे विभाग भी शामिल हैं. हालांकि, कंपनी ने ये नहीं बताया है कि किस देश में कितने कर्मचारियों की नौकरी गई है.
भारत पर कितना पड़ा असर?
इस छंटनी में भारत में काम करने वाले अमेजन के कर्मचारी भी शामिल हैं. हालांकि, अभी तक ये साफ नहीं है कि भारत में टोटल कितने कर्मचारियों को नौकरी से हटाया गया है. ये 1000 लोगों की छंटनी सिर्फ भारत में नहीं है. कुल मिलाकर अमेरिका, भारत और ब्रिटेन में 1,000 से कम व्हाइट-कॉलर कर्मचारियों पर इसका असर पड़ा है.
पहले कब गई थी लोगों की नौकरी?
ये पहली बार नहीं है जब अमेजन में बड़ी छंटनी हुई है. कंपनी इससे पहले भी काफी ज्यादा कर्मचारियों की संख्या घटा चुकी है. पिछले साल शुरू हुई एक बड़ी छंटनी में करीब 30000 नौकरियां खत्म की गई थीं और इसका असर जनवरी तक जारी रहा था. इसके बाद भी कंपनी अलग-अलग हिस्सों में छोटी-छोटी छंटनी करती रही है.
अमेजन के फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरमैनजेफ बेजोस ने भी हाल ही में कंपनी की छंटनी को लेकर बात की है. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग की मांग बहुत तेजी से बढ़ी थी और उस समय कंपनी ने बड़ी संख्या में लोगों को नौकरी पर रखा था. अब कंपनी उसी बढ़े हुए वर्कफोर्स को मौजूदा जरूरतों के हिसाब से एडजस्ट कर रही है.
क्या अमेजन में और छंटनी होगी?
फिलहाल अमेजन ने आगे कितने कर्मचारियों की छंटनी होगी, इसे लेकर कोई नया आंकड़ा नहीं दिया है. कंपनी का कहना है कि रिटेल बिजनेस में किए गए बदलाव से संगठन को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है.
1 जनवरी तक स्थगित किया जा सकता है UPI पर चार्ज, ऑनलाइन पेमेंट पर बड़ी खबर






















