UP Election 2022: बीजेपी अध्यक्ष ने फरीदपुर में किया जनसंपर्क, सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमले को लेकर लगाया ये आरोप
UP Election: बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने फरीदपुर में प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने लोगों को 2008 के आतंकी हमले की भी याद दिलाई.

UP Assembly Election 2022: बरेली के फरीदपुर विधानसभा पहुचें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. जेपी नड्डा ने कहा कि रामपुर में हुए सीआरपीएफ कैम्प पर आतंकी हमले में शामिल आतंकवादियों की अखिलेश यादव ने पैरवी की. उन्हें छोड़ने का काम किया. जब रक्षक ही भक्षक बन जाये तो क्या होगा उत्तर प्रदेश का. वहीं उन्होंने बसपा और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा.
जनसंपर्क अभियान के दौरान
जेपी नड्डा आज शाहजहांपुर से बरेली के फरीदपुर विधानसभा पहुचें. यहां उन्होंने साहूकारा मोहल्ले और बाजार में जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लिया. इस दौरान जेपी नड्डा सकरी गलियों से निकले तो उनका जनता ने जबरदस्त स्वागत किया. लोगों ने जेपी नड्डा पर फूलों की वर्षा की. इस दौरान जेपी नड्डा लोगों से मिले और उनसे हाथ मिलाया. लोगों ने भी उन्हें माला पहनाई. महिलाओं ने भी जेपी नड्डा का स्वागत किया. पूरे बाजार को बीजेपी के झंडों और गुब्बारों से सजाया गया था. वहीं साहूकारा बाजार में स्थित राधाकृष्ण मंदिर में जेपी नड्डा ने आरती की. इसके बाद वो इन्वर्टिज यूनिवर्सिटी पहुचें. जहां पर उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग के लोगों को संबोधित किया.
जमकर साधा निशाना
इन्वर्टिज यूनिवर्सिटी में जेपी नड्डा ने लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा की मोदी और योगी की सरकार ने किसानों और नौजवानों के लिए बहुत सारी योजनाएं चलाई हैं. वहीं उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा, "70 सालों तक इन पार्टियों ने देश को जमकर लूटा. जब चुनाव आता है तो ये सारी पार्टियां अपना मेनिफेस्टो लाती हैं और बड़े-बड़े वादे करती हैं. जिससे लोगों में भ्रम पैदा हो जाता है. लेकिन इन पार्टियों ने कभी ये नहीं बताया की जो वायदे इन पार्टियों ने मैनिफेस्टो में किये थे वो आज तक पूरे नहीं हुए. आप लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि आप लोग जनता के बीच जाएं. उन्हें विपक्ष के बारे में जानकारी दें साथ ही बीजेपी सरकार की योजनाओं और नीतियों के बारे में भी जानकारी दें. हमारी सरकार ने जो वादा किया वह पूरा किया है."
आतंकी हमले पर कहा
जेपी नड्डा ने मंच से प्रबुद्ध वर्ग के लोगो को संबोधित करते हुए कहा कि एक जनवरी 2008 को रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर एके-47 से हमला हुआ था. याद है सबको और याद है आपको कि उसमें सीआरपीएफ के सात जवान मारे गए. एक रिक्शे वाला भी मारा गया था. लगभग इन सारी चीजों में लश्कर-ए-तैयबा का हाथ पाया गया. शहाबुद्दीन और उसके साथी गिरफ्तार हुए. उसमें 15 मुकदमे उन पर दर्ज हुए थे. बतौर मुख्यमंत्री आतंकवादियों के केस को ड्राप करने का काम अखिलेश यादव ने किया था.
क्या लेते हैं शपथ
जेपी नड्डा ने लोगों से कहा कि अब आप बताइए कि कोई मुख्यमंत्री क्या शपथ लेता है. मैं ईश्वर की शपथ लेता हूं कि मैं संविधान की रक्षा करूंगा. उसको अक्षुण रखूंगा. एक आतंकवादी को जिन्होंने सीआरपीएफ के सात जवानों को मार दिया. एक गरीब रिक्शा वाला मारा गया. लोग पकड़ में आ गए और उनको छुड़ाने का केस ड्राप करने का काम अखिलेश यादव ने किया. अगर रक्षक भक्षक बन जाए तो उत्तर प्रदेश का क्या होगा. यह याद रखना चाहिए और मैं याद दिलाने आया हूं. देखिए आप लोग कहते हैं कि चावल के एक दाने से उसकी किस्म का पता चल जाता है. तो नेता की भी एक हरकत से पता चल जाता है कि नेता कैसा है.
बीजेपी के लिए कही ये बात
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि क्यों जेल में रहने वाले लोगों को कैंडिडेट बना रहे हो, क्या मजबूरी है? क्यों बेल पर रहने वाले लोगों को कैंडिडेट बना रहे हो? दोस्ती टूट नहीं सकती है. इन्होंने आपके साथ धोखा दे करके फिर वही काम किया है. इसलिए हम चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश आगे बढ़े. सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास इस मंत्र को लेकर चले तो एक ही रास्ता है कमल का फूल.
ये भी पढ़ें-
UP Election 2022: एटा में कौन है सबसे शिक्षित और धनी प्रत्याशी, जानें किसपर दर्ज हैं कितने मुकदमें






















