Coronavirus यूपी में एक दिन में चार नये कोरोना पॉजिटिव केस, तीन नोएडा से....मरीजों की संख्या 42 पहुंची
यूपी में कोरोना के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। अब ये संख्या 42 हो गयी है। हालांकि सरकार लगातार लोगों को आगाह कर रही है कि लोग घरों में ही रहें।

लखनऊ, एबीपी गंगा। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आज चार नये मामले सामने आने से राज्य में ये संख्या 42 तक पहुंच गयी है। किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज ने इन चारों मामलों की पुष्टि की है। इनमें तीन नोएडा के हैं और एक मरीज बागपत से है। सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। आपको बता दें कि प्रदेश में लॉकडाउन चल रहा है। सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है कि इस संक्रमण को आगे फैलने से रोका जाये।
किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में बुधवार को 97 सैंपल की जांच की गई, जिसमें चार में कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट है। इनमें नोएडा की 21 वर्षीय युवती, 33 वर्षीय महिला और 39 वर्षीय पुरुष हैं। इनमें 21 वर्षीय युवती के माता-पिता भी पॉजिटिव हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित तीन और नए मरीज नोएडा में पाए गए हैं, इस तरह नोएडा में अब तक कुल 14 लोगों में कोरोना वायरस पाया गया है। चौथी रिपोर्ट में पॉजिटिव 32 वर्षीय पुरुष बापगत का है। वह कुछ दिन पहले ही दुबई से लौटा है। प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित सर्वाधिक 14 लोग नोएडा में पाए गए हैं।
प्रदेश में अलग-अलग शहरों में मरीजों के आंकड़ों की बात करें तो नोएडा में 14 मरीज, गाजियाबाद 3, आगरा 8, लखीमपुर 1, मुरादाबाद 1, वाराणसी 1,कानपुर 1, पीलीभीत 2, जौनपुर 1, शामली 1, लखनऊ 8, बागपत में एक है।
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL
























