उत्तर प्रदेश में भारी बारिश- आकाशीय बिजली के कहर से 28 की मौत, खड़ी फसलों को नुकसान
उत्तर प्रदेश में बेमौसम की बारिश ने राज्य में हालात काफी खराब कर दिये हैं। भारी बारिश व बिजली गिरने से 28 लोगों की मौत की खबर है।

लखनऊ, एबीपी गंगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में मरने वालों के आश्रितों को तत्काल 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि जन हानि, पशु हानि एवं मकान क्षति से प्रभावित व्यक्तियों को 24 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाए। उन्होंने राज्य आपदा मोचक निधि के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पीड़ितों को वित्तीय मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिले में फसलों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन करते हुए शासन को रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश में बीते 24 घंटों में हुई भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने से 28 लोगों की मौत की खबर है।
मौसम विभाग के मुताबिक 14 मार्च को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के अलग अलग इलाकों में गरज और चमक के साथ तेज हवा के साथ बारिश देखी जा सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटों में उत्तराखंड के देहरादून, उधम सिंह नगर, हरिद्वार और नैनीताल में आंधी के साथ भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मध्य उत्तर प्रदेश में आंधी, पानी और ओलावृष्टि ने खेत में खड़ी फसलों को 60 फीसद तक बर्बाद कर दिया है। हरदोई, सीतापुर और बाराबंकी में तो बड़े-बड़े ओले गिरे और सड़कों पर बर्फ बिछ गई। सीतापुर में ओलावृष्टि से 245 गांव प्रभावित हुए हैं।

























