जोधपुर में 7वीं मंजिल से गिरकर शख्स की मौत, CCTV में कैद हुई घटना
जोधपुर में अरिहंत आंचल सोसाइटी में दीपक चौहान नामक शख्स की सातवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गयी. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है.

राजस्थान में जोधपुर शहर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक बहुमंजिला इमारत की सातवीं मंजिल से गिरने से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक बिल्डिंग से नीचे गिरता दिखाई दे रहा है.
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामल दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जबकि इस घटना के बाद पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया है. किसी को समझ नहीं आ रहा है कि आखिर ये कैसे हुआ ?
यह भी पढ़ें: राजस्थान पंचायत चुनाव: बालेसर में वोटिंग का बहिष्कार, जोधपुर में कुल 62.88 फीसदी मतदान
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर को शाम करीब 4:45 बजे अरिहंत आंचल सोसायटी में हुई. मृतक की पहचान दीपक चौहान (46) पुत्र मोहन सिंह चौहान के रूप में हुई है. वह सोसायटी के फ्लैट नंबर 703 में रहता था. अचानक उसकी बिल्डिंग से नीचे गिरने से मौत हो गई. अब यह हादसा है या आत्महत्या या फिर कोई और वजह इसको लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. परिजनों की ओर से भी अभी तक कोई बयान नहीं दिया गया है. जिसके बाद और सवाल खड़े हो रहे हैं.
CCTV में कैद हुआ हादसा
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में युवक के बिल्डिंग से नीचे गिरने की घटना दिखाई दे रही है. हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और युवक को संभालते हुए गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. युवक सातवीं मंजिल से किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, इसे लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
उधर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है, साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जाएगी. जांच के बाद ही असल वजह सामने आ पाएगी.
यह भी पढ़ें: बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की तस्वीरों पर क्यों हुआ विवाद? राजस्थान सरकार ने बताया





















