पंजाब में ग्रेनेड का दावा करने पर प्रताप सिंह बाजवा की बढ़ी मुश्किलें, मोहाली में केस दर्ज
Partap Singh Bajwa News: पंजाब पुलिस ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ उनके पंजाब में 32 और बॉम्ब होम वाली स्टेटमेंट को लेकर एफआईआर दर्ज की है.

Partap Singh Bajwa News: पंजाब में 32 ग्रेनेड मौजूद होने का दावा करने के बाद नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मोहाली में साइबर क्राइम थाने में बाजवा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
दरअसल, पंजाब पुलिस ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ उनके पंजाब में 32 और बॉम्ब होम वाली स्टेटमेंट को लेकर एफआईआर दर्ज की है. बाजवा के खिलाफ BNS की धारा 197 (1) (d) और 353 (2) के तहत मोहाली के साइबर क्राइम पुलिस थाने में केस रजिस्टर्ड हुआ है.
बता दें कि बीएनएस की धारा 197 (1) (d) भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाली झूठी और भ्रामक सूचना का प्रचार करने के आरोप को लेकर है और एक्शन 353 (2) विभिन्न समुदायों में द्वेष फैलाने के इरादे से फैलाई गई गलत सूचना को लेकर है.
सीएम मान ने कही थी कार्रवाई की बात
इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रताप सिंह बाजवा के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि न तो पंजाब पुलिस के खुफिया कार्यालय और न ही किसी केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने ऐसी कोई जानकारी साझा की है. मान ने कहा कि अगर बाजवा के बयान का उद्देश्य केवल दहशत फैलाना है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वहीं मुख्यमंत्री के निर्देश पर सहायक पुलिस महानिरीक्षक रवजोत कौर ग्रेवाल के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की एक टीम रविवार को बाजवा के आवास पहुंची और उनसे पूछताछ की. एआईजी ग्रेवाल ने बाजवा के आवास के बाहर पत्रकारों से कहा कि पुलिस टीम बाजवा के बयान के स्रोत का पता लगाने के लिए उनके घर पहुंची थी, क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है.
'32 बम फटने बाकी'
गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाजवा ने एक निजी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में दावा किया था, "मुझे पता चला है कि 50 बम पंजाब पहुंच चुके हैं. इनमें से 18 फट चुके हैं और 32 अभी फटने बाकी हैं."






















