CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम? पढ़ें IMD का अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, आज शनिवार (10 अक्टूबर) को आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे और दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं. आज शहर का अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री रहने की संभावना है.

राजधानी दिल्ली में आज शनिवार (10 अक्टूबर) को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन होने वाला है. इसी बीच मौसम को लेकर जानकारी सामने आई है, दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली, लेकिन तेज हवाओं के कारण दोपहर के समय मौसम थोड़ा ठंडा हो गया था. आज शनिवार (10 अक्टूबर) को आसमान में बादल छाये रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बौछारों की संभावना जताई गई है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार (9 अक्टूबर) को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि औसत से 1.9 डिग्री अधिक रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 25.2 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक रहा.
नोएडा में अधिकतम तापमान 34.2 और गाजियाबाद में 37.2 डिग्री दर्ज किया गया है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार शाम 6.30 बजे दिल्ली का AQI 177 था, जोकि 'मॉडरेट' (संतोषजनक) कैटेगरी में आता है.
दिल्ली: CEC के खिलाफ प्रदर्शन पर पुलिस का एक्शन, 7 दिन में 27 FIR
आज चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, आज शनिवार (10 अक्टूबर) को आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे और दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं. आज शहर का अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह के समय दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 10-15 किमी तक रहेगी. दिन के समय में हवा की गति बढ़ सकती है, जोकि 15-20 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है. विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, लेकिन इसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा.
कितना रहा पिछले 24 घंटों का तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिला है. इस दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 22-25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है. पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी में दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15-20 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलीं, जो झोंकों के साथ कभी-कभी 33 किमी/घंटा तक पहुंच गई. इस दौरान अधिकतम नमी का स्तर 87 प्रतिशत और न्यूनतम नमी का स्तर 35 प्रतिशत दर्ज किया गया है.
CJP प्रोटेस्ट: कनॉट प्लेस के दुकानों के लिए एडवाइजरी, कल बंद रखने को कहा गया





















