बिहार MLC चुनाव में निशांत कुमार की एंट्री, अनंत सिंह से होगा मुकाबला?
बिहार MLC चुनाव में निशांत कुमार NDA प्रत्याशियों के प्रचार में उतर गए हैं. नीतीश कुमार का आशीर्वाद लेकर वह नालंदा-नवादा जाएंगे. आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग और 27 को मतगणना होगी.

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रत्याशियों के प्रचार में उतर गए हैं. पटना से रवाना होने से पहले उन्होंने अपने पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का आशीर्वाद लिया. इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी भी उनके साथ रहे. निशांत कुमार नालंदा और नवादा का दौरा कर चुनाव प्रचार करेंगे.
निशांत कुमार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव के समर्थन में प्रचार करेंगे. दोनों प्रत्याशियों के लिए उनका प्रचार में उतरना एनडीए की चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- पटना: NEET छात्रा मौत केस में नया मोड़, मां की आपत्ति पर आज कोर्ट में सुनवाई
अनंत सिंह की सक्रियता के बीच मुकाबला दिलचस्प
पटना स्नातक सीट पर मुकाबले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. जानकारी के मुताबिक, जदयू विधायक अनंत सिंह जनसुराज प्रत्याशी अनुज के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं. ऐसे में नीरज कुमार के पक्ष में निशांत कुमार का मैदान में उतरना महत्वपूर्ण माना जा रहा है. चुनाव में प्रत्याशियों के बीच समर्थन जुटाने की कोशिशें तेज हो गई हैं.
आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है. इन सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी हैं. वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं.
जानिए किन सीटों पर कौन हैं मौजूदा विधान पार्षद
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से नीरज कुमार, दरभंगा से सर्वेश कुमार, तिरहुत से वंशीधर व्रजवासी और कोसी से डॉ. एनके यादव मौजूदा विधान पार्षद हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से नवल किशोर यादव, दरभंगा से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत से संजय कुमार और सारण से आफाक अहमद वर्तमान विधान पार्षद हैं. चुनाव में इन सीटों पर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर है.
यह भी पढ़ें- 'ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद', पटना में AISA का भारी प्रदर्शन, बैरिकेड को तोड़ा




















