दिल्ली में INDIA की एकजुटता, बिहार MLC चुनाव में आमने-सामने; BJP ने साधा निशाना
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के मार्च के बीच बिहार MLC चुनाव में RJD-कांग्रेस समेत महागठबंधन के घटक दल कई सीटों पर आमने-सामने हैं. BJP ने इसे लेकर विपक्षी एकता पर सवाल उठाए.

दिल्ली में विपक्षी INDIA ब्लॉक के सांसद एकजुटता दिखाते हुए मार्च कर रहे हैं, वहीं बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों पर टकराव सामने आया है. बिहार की आठ MLC सीटों के चुनाव में RJD, कांग्रेस और वाम दलों के उम्मीदवार कई सीटों पर आमने-सामने हैं. इसे लेकर बीजेपी ने विपक्षी एकता पर सवाल उठाए हैं.
बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि एक तरफ INDIA ब्लॉक के नेता दिल्ली में हाथ में हाथ डालकर मार्च कर रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ बिहार MLC चुनाव में उनके घटक दल एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने इसे “ठगबंधन” बताते हुए विपक्षी दलों की एकजुटता पर सवाल उठाया. उन्होंने SIR को लेकर विपक्ष के आंदोलन पर भी निशाना साधा. तिवारी ने कहा कि चुनाव हारने पर विपक्ष चुनाव आयोग और EVM को जिम्मेदार ठहराता है और अब SIR के मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रहा है.
यह भी पढ़ें- 'दो ठेकुआ, एक चाय, PM मोदी देश को भाए', BJP ने की तारीफ तो भड़के यूजर्स
MLC चुनाव में कई सीटों पर सीधा मुकाबला
बिहार में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर चुनाव होना है. महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर पूरी सहमति नहीं बन सकी है. RJD और कांग्रेस कई सीटों पर अलग-अलग उम्मीदवारों के साथ मैदान में हैं. रिपोर्टों के मुताबिक गठबंधन के घटक दलों के उम्मीदवारों के बीच छह सीटों तक सीधा मुकाबला सामने आया है.
RJD ने BJP पर किया पलटवार
RJD प्रवक्ता एजाज अहमद ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि संवैधानिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली शक्तियों के खिलाफ विपक्ष एकजुट होकर मार्च कर रहा है. उनके मुताबिक विपक्ष में अलग-अलग दल हैं, लेकिन उनका गठबंधन विचारों और मुद्दों पर आधारित है.
NDA के अंदरूनी विवाद पर भी उठाए सवाल
एजाज अहमद ने बीजेपी से NDA के भीतर चल रही खींचतान पर भी जवाब देने को कहा. उन्होंने JDU में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद का जिक्र किया और कहा कि बीजेपी को अपने गठबंधन के मतभेद भी देखने चाहिए. हाल में अनंत सिंह ने JDU उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन दिया था.
यह भी पढ़ें- BPSC TRE-4: भर्ती में शादीशुदा महिलाओं के लिए नया नियम, ये दस्तावेज जरूरी





















