Coronavirus: चीन से अच्छी खबर, फुटबॉल टीम के सभी खिलाड़ियों की रिपोर्ट नेगेटिव आई
Coronavirus: कोरोना वायरस का कहर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है. लेकिन इसी बीच चीन की फुटबॉल टीम के सभी खिलाड़ियों की टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है.

Coronavirus: इस वक्त पूरी दुनिया कोरोना वायरस के कहर से जूझ रही है. लेकिन चीन से एक अच्छी खबर सामने आई है. चीन की फुटबॉल टीम के सभी खिलाड़ियों की कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है. इन सभी खिलाड़ियों का दुबई से लौटने के बाद कोरोना वायरस टेस्ट किया गया था.
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, "सोमवार को सान्या पहुंचने के बाद पूरी टीम का कोरोनावायरस टेस्ट किया गया, जहां बुधवार को पूरी टीम का टेस्ट नेगेटिव पाया गया है." चीन की टीम पिछले सप्ताह ही विदेश में अपनी ट्रेनिंग पूरी करके स्वदेश लौटी है. टीम इस समय दक्षिणी चीन के हैनान प्रांत के सान्या स्थित एक होटल में खुद को सेल्फ आइसोलेशन में रखी हुई है.
टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "ऐसे में अब जबकि कोई भी खिलाड़ी इस संक्रमण से पीड़ित नहीं पाया गया है तो फिर अब वे गुरुवार से बंद दरवाजों में ट्रेनिंग करेगी. टीम के सभी सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 14 दिन के सेल्फ आइसोलेशन से पहले हम एक बार फिर से सभी खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट करेंगे."
चीन ने 2022 विश्व कप क्वालीफायर की तैयारियों के लिए तीन मार्च से दुबई में ट्रेनिंग करने के लिए 26 खिलाड़ियों का दल भेजा था. लेकिन फीफा ने नौ मार्च को कोरोना के कारण आगामी विश्व कप क्वालीफाइंग के मैच स्थगित कर दिए थे.
चीन से हुई थी कोरोना वायरस की शुरुआत
कोरोना वायरस की वजह से दुनियाभर में 20 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है. पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के चार लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं. इस वायरस की शुरुआत पिछले साल दिसंबर में चीन से हुई थी. चीन में तीन हजार से ज्यादा लोगों की जान कोरोना वायरस की वजह से गई है. हालांकि चीन ने अब हालात पर काबू पा लिया है.
Coronavirus: हरभजन को आया गुस्सा, लॉकडाउन नहीं मानने वाले लोगों पर भड़केSource: IOCL


























