यूपी: धार्मिक स्थलों को सस्ती हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ेगी यूपी सरकार

इलाहाबाद: यूपी की योगी सरकार जल्द ही सूबे के प्रमुख धार्मिक स्थलों को हवाई सेवा के ज़रिए आपस में जोड़ने जा रही है. यूपी के प्रमुख धार्मिक स्थलों को हेलीकॉप्टर सेवा के जरिये भी आपस में जोड़ा जाएगा.
धार्मिक स्थलों को आपस में जोड़ने वाली हेलीकॉप्टर सेवा
सूबे के सिविल एविएशन विभाग के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी के मुताबिक़ धार्मिक स्थलों को आपस में जोड़ने वाली हेलीकॉप्टर सेवा का किराया बेहद कम रखा जाएगा. कोशिश यह की जाएगी कि आर्थिक रूप से मध्यम वर्ग के लोग भी इस हेलीकॉप्टर सेवा का फायदा ले सकें. उनके मुताबिक़ सस्ती सेवाएं मुहैया कराने की वजह से हेलीकॉप्टर कंपनियों को जो नुकसान होगा, उसकी भरपाई उन्हें केंद्र और यूपी सरकार अनुदान देकर करेगी.
इलाहाबाद में इंटरनेशनल लेवल का एयरपोर्ट
नंदी के मुताबिक़ इसका मकसद यूपी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है. इलाहाबाद में की गई प्रेस कांफ्रेंस में नंदी ने बताया कि इलाहाबाद में इंटरनेशनल लेवल का एयरपोर्ट अर्द्धकुंभ मेले से पहले ही शुरू करने की योजना है.
शहर को स्मैक मुक्त बनाने की भी पहल
इलाहाबाद के ही रहने वाले कैबिनेट मंत्री नंदी ने अपने शहर को स्मैक मुक्त बनाने की भी पहल की है. उनका कहना है कि शहर में तमाम लोग स्मैक का नशा करते हैं. इस नशे की वजह से उनके परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. मंत्री नंदी का कहना है कि उन्होंने इस बारे में पुलिस अफसरों को निर्देश दिए हैं कि नशे के इस गोरखधंधे की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाए जाएं.
Source: IOCL

























