By: ABP News Bureau | Updated at : 02 Oct 2016 06:04 PM (IST)
इलाहाबाद: संगम के शहर इलाहाबाद में रामलीला की शुरुआत कर्ण घोड़े की भव्य और आकर्षक शोभा यात्रा के साथ होती है. दर्जनों बैंड पार्टियों, भांगड़ा करते कलाकारों और दिल को लुभा लेने वाली रोड लाइट्स और आकर्षक झांकियों के बीच शहर की सड़कों पर निकलने वाला कर्ण घोड़े का जुलूस रामलीलाओं के शुरू होने की सूचना देते हुए लोगों को इसमें शामिल होने का न्यौता देता है.

डेढ़ किलोमीटर लंबी होती है शोभायात्रा
रामलीला की अनौपचारिक शुरुआत करने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लम्बी कर्णघोड़े की यह शोभा यात्रा इतनी भव्य व आकर्षक होती है, कि इसे देखने के लिए देश के कोने - कोने से लोग इलाहाबाद आते हैं. भगवान राम का दूत कहे जाने वाले इस कर्णघोड़े की रास्ते भर आरती व उसकी पूजा अर्चना की जाती है.
कर्णघोड़े के जुलूस के साथ शुरू होती है रामलीला
आम तौर पर रामलीलाओं की शुरुआत भगवान राम के जन्म के प्रसंग की लीला के मंचन के साथ होती है, लेकिन संगम के शहर इलाहाबाद में लीलाओं के मंचन से पहले उस कर्ण घोड़े की भव्य व आकर्षक शोभा यात्रा निकाले जाने की परम्परा है, जिसे भगवान राम का दूत कहा जाता है. रामलीला की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले कर्ण घोड़े की यह शोभा यात्रा जब भव्यता की चादर लपेटे हुए पूरी शान ओ शौकत के साथ निकलती है तो देखने वाले दंग रह जाते हैं.

इस बार पहले से भी ज़्यादा भव्य निकली शोभायात्रा
श्री पथरचट्टी रामलीला कमेटी द्वारा इस बार भी शनिवार की रात को जो शोभा यात्रा निकाली गई उसमे कर्णघोड़े के साथ ही हजारों श्रद्धालु, दो दर्जन से ज़्यादा बैंड पार्टियां, आधा दर्जन के करीब भांगड़ा और नौटंकी पार्टी, पंद्रह के करीब रोड लाइट्स सेट और दर्जन भर झांकियां शामिल थीं. शोभा यात्रा में सबसे आगे भगवान राम के सबसे प्रिय भक्त पवन पुत्र हनुमान रहते हैं तो बीच मे तमाम दूसरे देवी - देवताओं की झांकियां रहती हैं. झांकियों के बाद भगवान राम के दूत कहे जाने वाले कर्णघोड़े की कांसे की प्रतिमा रहती है तो सबसे पीछे भगवान एक रथ पर सवार होकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं.

कहीं होती है आरती, तो कहीं होता है स्वागत
रास्ते भर कर्णघोड़े का फूल मालाओं से स्वागत किया जाता है. जगह - जगह उसकी आरती की जाती है. कर्णघोड़े के दर्शन के लिए इलाहाबाद की सड़कों पर इतनी भीड़ उमड़ती है कि रात के वक्त भी कहीं तिल रखने की जगह नहीं बचती. इलाहाबाद में कर्ण घोड़े की शोभा यात्रा निकाले जाने की परम्परा काफी पुरानी है.
नारद मुनि और देवराज इंद्र से जुडी है कर्णघोड़े की कथा
कर्णघोड़े की कथा त्रेता युग में भगवान राम के समय से ही जुडी हुई है. पौराणिक कथाओं के मुताबिक़ त्रेता युग में जब नारद मुनि देवलोक में देवराज इंद्र व दूसरे देवी देवताओं को भगवान राम की महिमा सुना रहे थे तो उस वक्त वहां सफ़ेद रंग का एक घोडा भी मौजूद था.
इस घोड़े ने भगवान की पूरी महिमा अपने कान से सुनी और उसके बाद धरतीलोक पर आकर उसने ही जन-जन तक भगवान की लीला को पहुँचाया. कथाओं के मुताबिक़ घोडा मनुष्यों की भाषा तो नहीं बोल सकता था, इसलिए अपने कान में समाए हुए शब्दों को वह वापस भेजकर लोगों के सामने भगवान की महिमा का बखान करता था. कान से सुनाए जाने की वजह से बाद में इसका नाम कर्ण घोडा पड़ा.

शोभायात्रा के अगले दिन से शुरू होती है रामलीला
माना यह जाता है कि कर्ण घोड़े की वजह से ही भगवान राम की लीला जन-जन तक पहुँची और उसी के बढे हुए स्वरुप में आज जगह जगह रामलीलाओं का मंचन होता है. कर्णघोड़े की यह शोभायात्रा एक तरह से दशहरा उत्सव शुरू होने का शंखनाद और रामलीलाओं का मंचन अगले दिन से शुरू होने की सूचना देना भी होता है. सिर्फ इलाहाबाद में ही निकलने वाली कर्णघोड़े की इस शोभा यात्रा को देखने के लिए लोगों का भारी हुजूम उमड़ता है.
पौने दो सौ फिट चौड़े मंच पर होती है रामलीला
कर्णघोड़े की शोभायात्रा इलाहाबाद में यूं तो तमाम रामलीला कमेटियों द्वारा निकाली जाती है, लेकिन श्री पथरचट्टी रामलीला कमेटी की शोभा यात्रा सबसे भव्य व आकर्षक होती है. पथरचट्टी की रामलीला डबल स्टोरी के पौने दो सौ फिट चौड़े मंच पर होती हैं. लाइट एन्ड साउंड के ज़रिये बेहद हाईटेक तरीके से होने वाली यहाँ की रामलीला को देखने के लिए देश के कोने कोने से लोग आते हैं. कर्णघोड़े की शोभायात्रा के अगले दिन से शुरू होने वाली यहां की रामलीला दस दिनों तक चलती है, जिसमे सवा सौ से ज़्यादा कलाकार और सौ के करीब टेक्नीशियन और दूसरे लोग शामिल होते हैं.
हिमाचल के कुल्लू में बड़ा सड़क हादसा, पर्यटकों से भरी ट्रैवलर नाले में गिरी, 4 की मौत
Hapur News: ईमानदारी दिखाना पड़ा भारी, सरसों लौटाने गए युवक से दबंगों की मारपीट, तोड़ी हड्डियां
अयोध्या में जच्चा-बच्चा की मौत पर मामला गरमाया, सपा नेता बोले- 'ये सिर्फ लापरवाही नहीं बल्कि...'
दिल्ली में गुटखा को लेकर विवाद में चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
Gurugram News: ऑनलाइन खाने के नाम पर सेहत से खिलवाड़, डिलीवर हो रहा था गंदा और एक्सपायर खाना!
Shubman Gill हुए गुजरात टाइटंस से बाहर, अचानक विदेशी खिलाड़ी को मिली कप्तानी, जानें वजह
ईरान ने पाकिस्तान में बातचीत से किया था इनकार, अब आई अराघची की सफाई, इशाक डार ने कहा- THANK YOU भाई
'रामायण' में हुई अमिताभ बच्चन के दामाद की एंट्री! रणबीर कपूर की फिल्म में बनेंगे 'इंद्र देव'
होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए ट्रंप ने ईरान को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम, कहा- नहीं माना तो बरपेगा कहर