पाक की गोलाबारी में शहीद हुए BSF जवान बिजेंद्र बहादुर को दी गई अंतिम विदाई
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री डॉ निर्मल सिंह ने बीएसएफ अधिकारियों और जवानों के साथ शहीद कॉन्सटेबल बृजेंद्र बहादुर सिंह को बीएसएफ मुख्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित की.

जम्मू: बीएसएफ ने जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में शनिवार को शहीद हुए कॉन्सटेबल बृजेंद्र बहादुर सिंह को आज यूपी के बलिया में अंतिम विदाई दी गई. इस दौरान लोगों ने पाकिस्तान मुरदाबाद के नारे लगाए.
कल 32 साल के बीएसएफ कॉन्स्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. बीएसएफ जवान, आर्निया सेक्टर में देश की सीमा की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे.
कल जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री डॉ निर्मल सिंह ने बीएसएफ अधिकारियों और जवानों के साथ शहीद कॉन्सटेबल को बीएसएफ मुख्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित की.
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि जवान के पेट की बायीं ओर एक गोली लगी थी. चोट के चलते अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई. बृजेंद्र बहादुर सिंह, उत्तर प्रदेश के बलिया जिला स्थित विद्या भवन नारायपुर गांव के निवासी थे. उनके परिवार में उनकी पत्नी सुष्मिता सिंह हैं.
मीडिया से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. गौरतलब है कि थल सेना के आंकड़ों के मुताबिक इस साल संघर्ष विराम उल्ल्ंघन की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. एक अगस्त तक पाकिस्तान सेना ने ऐसी 285 कार्रवाई की, जबकि 2016 में यह संख्या 228 थी.























