दिल्ली: कंधा टकराने-ठंडा पानी नहीं देने जैसी मामूली बातों पर 2018 में हुई 5 में से 1 हत्या
दिल्ली पुलिस के हालिया आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष 15 सितंबर तक हत्या के 337 मामले सामने आए जिनमें से 62 हत्याएं मामूली घटना के एकाएक तूल पकड़ने के कारण की गईं.

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में इस साल हुई हत्याओं में पांचवां हिस्सा ऐसे मामलों में हत्याओं का है जो गलती से कंधा टकरा जाने या ठंडा पानी नहीं दे पाने जैसी मामूली बातों पर की गईं. पुलिस के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है. विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में बढ़ोतरी के पीछे आरामतलब जीवन शैली, भावनात्मक अस्थिरता और समाज के साथ संवादहीनता जैसे कारण हो सकते हैं.
दिल्ली पुलिस के हालिया आंकड़ों के अनुसार इस साल 15 सितंबर तक हत्या के 337 मामले सामने आए जिनमें से 62 हत्याएं मामूली घटना के एकाएक तूल पकड़ने के कारण की गईं. आंकड़ों के अनुसार हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश अभी भी सबसे अहम कारण है. पिछले दो सालों में हत्या के पीछे आपसी रंजिश अहम कारण रहा, इसके बाद मामूली बात पर झगड़े के कारण हत्या दूसरे स्थान पर है.
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल दर्ज 487 मामलों में 93 मामले एकाएक उकसावे के थे. ऐसे मामलों में गौर किया जाए तो सितंबर में बाहरी दिल्ली के रनहोला क्षेत्र में एक व्यक्ति की उसके पूर्व नियोक्ता ने सिर्फ इतनी सी बात पर कथित तौर पर पीट पीट कर हत्या कर दी कि उसने टैंकर से पानी लाने के लिए मना कर दिया था. वहीं, अगस्त में बाहरी दिल्ली के नांगलोई इलाके में 26 साल के एक युवक की एक अन्य व्यक्ति ने इस बात पर हत्या कर दी कि सड़क पार करते वक्त युवक का कंधा उससे टकरा गया था.
एक जांच अधिकारी ने कहा, ‘‘लोगों के बीच बेहद मामूली से मुद्दों पर झगड़े हो रहे हैं और बात हत्या तक पहुंच रही है. हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया जहां एक बस के हेल्पर ने चालक की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि चालक ने उसका फोन लौटाने से इनकार कर दिया था.’’ एम्स के मनोचिकित्सक डॉक्टर नंद कुमार का मानना है कि किसी व्यक्ति का ऐसा बर्ताव अनेक कारणों से हो सकता है जैसे आरामतलब जीवनशैली, सामाजिक संवादहीनता, नशा करना आदि.
यह भी पढ़ें दिल्ली: पत्नी से अवैध संबंध के शक में पति ने पत्थरों से पीट-पीटकर की शख्स की हत्या सहारनपुर: इलाज कराने गई युवती के साथ तांत्रिक ने की दुष्कर्म की कोशिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार
ये भी देखें
विवेक तिवारी की पत्नी ने कहा- परिवारवालों को जान का खतरा है
Source: IOCL



























