पंजाब: लोगों तक पहुंचने के लिए सिद्धू ने शुरू किया 'जनता की सरकार उनके द्वार पर' अभियान

चंडीगढ़: पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को लोगों की परेशानियों को समझने के मकसद से उन तक पहुंचने के लिए एक अभियान शुरू किया. सिद्धू ने मोहाली जिले में ‘जनता की सरकार उनके द्वार पर’ नाम से अभियान की शुरूआत की.
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने हम सब के लिए मिशन तय किया है कि लोगों को परेशानी और भ्रष्टाचार से मुक्त माहौल मुहैया कराया जाए. एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि सिद्धू ने चंडीगढ़ के पास नायन गांव में अपने विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औचक दौरा भी किया.
विज्ञप्ति में कहा गया है कि सिद्धू ने प्रस्तावित सीवेज शोधन प्लांट स्थल का भी दौरा किया. उन्होंने इसे परियोजना के लिए उपयुक्त नहीं पाया क्योंकि यह रिहायशी इलाके के पास स्थित है और अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए स्थल का अन्य प्रस्ताव भेजें.
गौरतलब है कि सिद्धू ने पंजाब विधानसभा चुनाव से महीनों पहले बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे.
Source: IOCL
























