COVID-19: पीएम मोदी ने उद्धव ठाकरे से फोन पर की बात, अब तक महाराष्ट्र में सबसे अधिक केस
देश में अभी तक कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं. इस बीच पीएम मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की है.

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में कोरोना वायरस को लेकर आज राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर बातचीत की. देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं. राज्य में कोरोना वायरस के अब तक 335 मामले सामने आए हैं.
राज्य के अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी ने ठाकरे से पिछले महीने नई दिल्ली में तब्ली्गी जमात के आयोजन से मुंबई और राज्य के अन्य हिस्से में पहुंचे लोगों का पता लगाने, जांच करने और उपचार करने को कहा है. गुरुवार को पीएम मोदी सभी राज्यों को मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरना वायरस को लकेर चर्चा करेंगे.
इस बीच महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस से चार और लोगों की मौत हो गई. मंत्रालय के मुताबिक, महाराष्ट्र में कुल 16 लोगों की मौत हो चुकी है. कुल 335 मामलों में वे 41 लोग भी शामिल हैं जिन्हें इलाज के बाद अस्पताल से डिसचार्ज किया जा चुका है.
आज मुंबई के धारावी में एक कोरोना का मरीज मिला था जिसकी आज शाम मौत हो गई. धारावी के शाहू नगर में कोरोना का पॉजिटिव मामला सामने आया था. शख्स की उम्र 56 साल थी. शख्स का टेस्ट पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे सियोन हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था. इसके अलावा शख्स के परिवार को सात सदस्यों को क्वॉरंटीन में भेज दिया गया. परिवार के सदस्यों की जांच कल होगी. बीएमसी ने बताया कि जिस बिल्डिंग में वे रह रहे थे उसे सील कर दिया गया है.
देश में कोरोना के मामला 1900 के पार
भारत में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़कर 1974 हो गई. आज कोरोना के पॉजिटिव मामले सामने आने में तेजी देखी गई और आज सर्वाधिक 300 से अधिक मामले दर्ज किए गए. अकेले तमिलनाडु में 110 नए केस सामने आए हैं. राज्य के स्वास्थ्य मंत्रालय की सचिव ने बताया कि ये सभी लोग दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुए थे.

























