वाजपेयी ने कश्मीरियों के दर्द को समझा: महबूबा मुफ्ती
जम्मू-कश्मीर में हिंसा के लिए पीडीपी मोदी सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराती रही है. महबूबा मुफ्ती कई दफे कह चुकी है कि केंद्र कश्मीर में वाजपेयी फॉर्मूले पर काम करे.

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी के निधन की खबर सुन जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने उनसी जुड़ी अपनी यादें साझा की. उन्होंने कहा कि वाजपेयी सिर्फ एक पूर्व प्रधानमंत्री नहीं थे, वे एक अच्छे इंसान थे. वे पहले थे जिन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों की तकलीफ को दिल से महसूस किया. वे हमेशा इंसानियत की बात करते थे.
उन्होंने कहा, ''बीजेपी और आरएसएस से ताल्लुक रखने के बावजूद वाजपेयी ने लाहौर बस यात्रा की. जो पहले कभी नहीं हुआ. उन्होंने कश्मीर के लोगों का दिल जीतने की कोशिश की. उन्होंने डंडे के बल पर ऐसा नहीं किया.''
आपको बता दें कि हाल ही में बीजेपी ने महबूबा मुफ्ती की सरकार से समर्थन वापस ले लिया था. जिसके बाद मुफ्ती ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. फिलहाल जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू है.
अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर बोले पीएम मोदी- 'नि:शब्द हूं, शून्य में हूं'
जम्मू-कश्मीर में हिंसा के लिए पीडीपी मोदी सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराती रही है. महबूबा मुफ्ती कई दफे कह चुकी है कि केंद्र कश्मीर में वाजपेयी फॉर्मूले पर काम करे. 15 अगस्त के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वाजपेयी की कश्मीर नीति का जिक्र किया था.
उन्होंने लालकिले के प्राचीर से कहा था, "अटलजी ने 'इंसानियत' (मानवता), 'कश्मीरियत' (उदार कश्मीरी संस्कृति) और 'जम्हूरियत' (लोकतंत्र) का आह्रान किया था. मैंने भी कहा है कि कश्मीर के मसले का समाधान कश्मीर के लोगों को गले लगाकर किया जा सकता है."
पूर्व PM वाजपेयी के निधन पर राहुल गांधी बोले, 'भारत ने एक महान बेटे को खो दिया'






















