कंगना रनौत ने तापसी पर कसा तंज, 'सस्ती कॉपी' कहकर फिर सुनाई खरी-खोटी
एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने एक्ट्रेस तापसी पन्नू एक बार फिर 'सस्ती कॉपी' कहा है. तापसी पन्नू के हालिया बयान के बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उनपर निशाना साधा.

एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत और एक्ट्रेस तापसी पन्नू एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. कंगना ने तापसी के हालिया कमेंट को लेकर उन पर निशाना साधा. कंगना ने तापसी को फिर 'सस्ती कॉपी' कहा, ये वही टैग है जिसका इस्तेमाल वो पहले भी उनके लिए कर चुकी हैं.
कंगना ने तापसी पर साधा निशाना
शनिवार शाम कंगना रनौत ने बिना तापसी पन्नू का नाम लिए उन पर निशाना साधते हुए एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की. कंगना ने लिखा कि एक 'सस्ती कॉपी' अपनी आने वाली बी-ग्रेड फिल्म के प्रमोशन में बिजी है, लेकिन मीडिया में फिर भी उनके नाम को लेकर ही सुर्खियां बन रही हैं. उन्होंने तापसी पर अपनी परवरिश और माता-पिता का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया. कंगना ने आगे तंज कसते हुए कहा कि उन्हें तापसी के माता-पिता से पूछना चाहिए कि वे उनके माता-पिता की तरह 'ओरिजिनल' बेटी क्यों नहीं दे पाए.
हालांकि, बाद में कंगना ने ये इंस्टाग्राम स्टोरी डिलीट कर दी.
अपनी अगली इंस्टाग्राम स्टोरी में कंगना ने तापसी के कमेंट वाली एक न्यूज रिपोर्ट शेयर की. कंगना ने आगे कहा कि कई ऐसे लोग, जो शहरों के बाहरी इलाकों में छोटे किराए के घरों में पले-बढ़े हैं, अक्सर उनकी परवरिश और माता-पिता पर सवाल उठाते हैं. उन्होंने कहा कि वो एक राजपूत जमींदार परिवार से आती हैं और उनके माता-पिता पढ़े-लिखे और सम्मानित हैं. कंगना ने ये भी कहा, 'मेरी जिंदगी की शुरुआत मैंने खुद से करने का फैसला लिया था, लेकिन इसके लिए मेरे माता-पिता पर हमला क्यों किया जाए?'
ये भी पढ़ेंः संदीप रेड्डी वांगा ने दीपिका पादुकोण संग किया था ऐसा बर्ताव, फिर एक्ट्रेस ने छोड़ दी 'स्पिरिट'!
फिलहाल, कंगना ने ये दोनों इंस्टाग्राम स्टोरी शनिवार शाम अपने ऑफिशियल अकाउंट पर शेयर की थीं, लेकिन रविवार सुबह तक उन्होंने इन्हें डिलीट कर दिया.
तापसी पन्नू का खुलासा
वहीं, तापसी पन्नू इन दिनों अपनी अपकमिंग नेटफ्लिक्स फिल्म 'गांधारी' के प्रमोशन में बिजी हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने कंगना रनौत के साथ अपने विवाद पर बात की और कहा कि वो उनसे कभी मिली ही नहीं हैं.
तापसी ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि जब से ये विवाद शुरू हुआ, तब भी उनकी कंगना से मुलाकात नहीं हुई थी और अब भी नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि दोनों की सोच और चीजों को देखने का तरीका उनकी-अपनी परवरिश को दिखाता है और लोगों के लिए इतना ही काफी है कि वे खुद तय कर सकें कि कौन किस तरह की सोच और परवरिश से आता है.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
बता दें, तापसी पन्नू और कंगना रनौत के बीच विवाद की शुरुआत 2019 में हुई थी. मामला तब और बढ़ गया जब कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने सोशल मीडिया पर तापसी को कंगना की 'सस्ती कॉपी' कहा था. इसके बाद 2020 में नेपोटिज्म और फिल्म इंडस्ट्री में चल रही बहस के बीच कंगना ने तापसी और कुछ अन्य एक्ट्रेसेस को 'बी-ग्रेड एक्ट्रेस' और 'नीडी आउटसाइडर्स' कह दिया था.
ये भी पढ़ेंः करियर के बुरे दौर में अंबानी परिवार ने दिया रणवीर सिंह का साथ, 'धुरंधर' के लिए जताया आभार






















