मेरे लिए ‘चॉकलेट ब्वॉय’ की इमेज को तोड़ना आसान नहीं रहा: शाहिद कपूर
कॉलेज रोमांस पर बनी फिल्म ‘इश्क विश्क’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाले 37 साल के अभिनेता ने कहा कि उनके लिए अपनी ‘चॉकलेट ब्वॉय’ की छवि को तोड़ना बहुत मुश्किल रहा.

मुंबई: बॉलीवुड फिल्म अभिनेता शाहिद कपूर ने कहा कि उनके लिए अपनी ‘चॉकलेट ब्वॉय’ की छवि से बाहर निकलना आसान नहीं था. उन्होंने ‘कमीने’, ‘हैदर’ और ‘पद्मावत’ जैसी फिल्मों से भले ही अभिनय के जरिए अपनी क्षमताएं जाहिर की हों लेकिन शुरुआत में उनके लिए अलग-अलग तरह की भूमिकाएं हासिल करना आसान नहीं था.
कॉलेज रोमांस पर बनी फिल्म ‘इश्क विश्क’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाले 37 साल के अभिनेता ने कहा कि उनके लिए अपनी ‘चॉकलेट ब्वॉय’ की छवि को तोड़ना बहुत मुश्किल रहा.
एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा कोशिश की कि मुझे अच्छे और अलग-अलग तरह के किरदार निभाने को मिलें, लेकिन कोई भी उस तरह की स्क्रिप्ट की पेशकश नहीं करता था. सब सोचते थे कि मैं केवल चॉकलेट ब्वॉय और कॉलेज के छात्र की भूमिका के लिए उपर्युक्त हूं. मेरे पास कोई विकल्प नहीं था.”
अभिनेता ने कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत और जिद का नतीजा था, जिससे उन्हें फिल्मकारों को मनाने में मदद मिली कि वह लवर ब्वॉय की भूमिका के अलावा और भी बहुत कुछ कर सकते हैं.
शाहिद कपूर की अगली फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ उनकी अलग अलग फिल्मोग्राफी में एक और नाम जोड़ती है. यह फिल्म 21 सितंबर को रिलीज होगी. फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री श्रद्धा कपूर, दिव्येंदु शर्मा और यामी गौतम भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगी.
यहां देखें शाहिद की अपकमिंग फिल्म का ट्रेलर...
Source: IOCL
























