हरियाणा चुनाव: बीजेपी में शामिल होंगे पूर्व मंत्री संपत्त सिंह, कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ करेंगे प्रचार
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019: दो दिन पहले संपत्त सिंह ने कांग्रेस को अलविदा कहा था. संपत्त सिंह बीजेपी उम्मीदवार सोनाली फोगाट के समर्थन में प्रचार कर सकते हैं.

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019: कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व मंत्री संपत्त सिंह ने बीजेपी ज्वाइन करने का फैसला किया है. संपत्त सिंह 9 अक्टूबर को होने वाली अमित शाह की रैली में शामिल होंगे और बीजेपी की सदस्यता लेंगे. कांग्रेस ने संपत्त सिंह को नलवा से उम्मीदवार नहीं बनाया था इसलिए उन्होंने दो दिन पहले कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया.
2009 में नलवा से विधायक बनने वाले संपत्त सिंह की जगह कांग्रस ने रणधीर पनीहार को टिकट दिया है. रणधीर पनीहार कुलदीप बिश्नोई के करीबी हैं. संपत्त सिंह ने भी टिकट नहीं मिलने का ठिकरा कुलदीप बिश्नोई के सिर फोड़ा था. बीजेपी ज्वाइन करने के बाद संपत्त सिंह आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ प्रचार करते हुए भी नज़र आ सकते हैं.
दिग्गज नेता हैं संपत्त सिंह
संपत्त सिंह 6 बार विधायक रहे हैं. संपत्त सिंह ने चार बार भट्टू कलां से चुनाव जीता है, जबकि 1-1 बार वह फतेहाबाद और नलवा से चुनाव जीतने में कामयाब रहे हैं. संपत्त सिंह देवीलाल के करीबी हुआ करते थे. संपत्त सिंह देवीलाल और ओमप्रकाश चौटाला की सरकार में मंत्री भी रहे. 2009 लोकसभा चुनाव के बाद संपत्त सिंह ने इनेलो का साथ छोड़ दिया और कांग्रेस में शामिल हो गए. 1991 से 1996 तक संपत्त सिंह नेता विपक्ष के पद पर भी रहे हैं.
कुलदीप से लड़ाई पुरानी
कुलदीप बिश्नोई और संपत्त सिंह की लड़ाई पुरानी है. नलवा भजनलाल परिवार का गढ़ माना जाता था. लेकिन 2009 में संपत्त सिंह ने कुलदीप बिश्नोई की मां जसमा देवी को नलवा से मात दी थी. हालांकि 2014 में संपत्त सिंह और पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन दोनों को हार का सामना करना पड़ा और यह सीट इनेलो के खाते में गई.
हरियाणा: कुलदीप बिश्नोई का बड़ा बयान, कहा- 'पहले भी सीएम की रेस में था, आज भी हूं'
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL

















