Ducati Panigale V4 का नया अवतार, 218 HP से मचाएगी तहलका
2027 Ducati Panigale V4 अब 218 HP की पावर देती है. जानें इंजन, चेसिस, इलेक्ट्रॉनिक्स और भारत में संभावित लॉन्च की जानकारी.

Ducati ने अपनी फ्लैगशिप सुपरबाइक Panigale V4 का 2027 मॉडल पेश कर दिया है. इस बार कंपनी ने बाइक के इंजन, चेसिस, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोडायनामिक्स में कई अहम बदलाव किए हैं. नई Panigale V4 अब 218 HP की अधिकतम पावर जनरेट करती है, जो पिछले मॉडल से 2 HP ज्यादा है.
Ducati का दावा है कि इन बदलावों की मदद से बाइक ने इटली के Vallelunga रेसिंग सर्किट पर पिछले मॉडल के मुकाबले औसतन 0.4 सेकंड बेहतर लैप टाइम हासिल किया. कंपनी ने बाइक को सिर्फ ज्यादा ताकतवर बनाने पर ध्यान नहीं दिया, बल्कि तेज रफ्तार पर बेहतर कंट्रोल और कॉर्नरिंग के दौरान ज्यादा सटीकता पर भी काम किया है. हालांकि, भारत में इसके नए मॉडल की लॉन्च तारीख अभी घोषित नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: Porsche Mission S में दिखी भविष्य की झलक, 911 को भी छोड़ेगी पीछे?
इंजन में बदलाव से मिली ज्यादा पावर
2027 Ducati Panigale V4 में पहले की तरह 1,103cc का Desmosedici Stradale V4 इंजन दिया गया है. अब यह 13,500 rpm पर 218 HP की पावर और 11,000 rpm पर 120.6 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. पिछले मॉडल के मुकाबले पावर में 2 HP की बढ़ोतरी हुई है. कंपनी ने एयर इनटेक, एग्जॉस्ट सिस्टम और लुब्रिकेशन सर्किट में बदलाव किए हैं, जिससे इंजन की दक्षता बेहतर हुई है. इसके अलावा, दूसरे से पांचवें गियर में रेव लिमिटर को बढ़ाकर 15,000 rpm किया गया है. नई फाइनल गियरिंग के कारण रेस ट्रैक पर बार-बार गियर बदलने की जरूरत भी कम हो सकती है. जो ग्राहक और ज्यादा परफॉर्मेंस चाहते हैं, उनके लिए Akrapovič Full Racing Exhaust PRO का विकल्प है. Ducati के मुताबिक, इससे 11 HP अतिरिक्त पावर मिल सकती है, लेकिन यह रेसिंग एग्जॉस्ट सेटअप के लिए है.
चेसिस और इलेक्ट्रॉनिक्स में भी बड़े अपडेट
नई Panigale V4 में फ्रंट फ्रेम की लेटरल स्टिफनेस को 12 प्रतिशत कम किया गया है. इसका उद्देश्य बाइक के ज्यादा झुकने पर फ्रंट टायर की पकड़ और राइडर के फीडबैक को बेहतर बनाना है. Ducati ने Dynamic Engine Brake Control और Race Brake Control जैसे इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम भी अपडेट किए हैं, ताकि ब्रेक लगाने, कॉर्नर में प्रवेश करने और बाहर निकलते समय बाइक को ज्यादा प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके. बाइक में रेसिंग से प्रेरित एयरोडायनामिक्स और बेहतर एयर इनटेक भी मिलता है. Panigale V4 S में Öhlins सस्पेंशन और Smart EC 3.0 इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल सिस्टम दिया गया है, जबकि स्टैंडर्ड मॉडल में अलग सस्पेंशन सेटअप मिलता है. इन बदलावों का मुख्य उद्देश्य केवल तेज रफ्तार हासिल करना नहीं, बल्कि राइडर को ट्रैक पर बाइक का बेहतर नियंत्रण देना भी है.
2027 में मिलेगी नई बाइक, भारत का इंतजार
Ducati के अनुसार, 2027 Panigale V4 यूरोप में मार्च 2027 से और उत्तरी अमेरिका में अप्रैल 2027 से डीलरशिप पर उपलब्ध होगी. दूसरे बाजारों में इसकी उपलब्धता बाद में होगी. कंपनी ने भारत में लॉन्च की तारीख या नई कीमत की घोषणा नहीं की है. फिलहाल भारत में मौजूदा Panigale V4 की कीमत लगभग 32.05 लाख रुपये और Panigale V4 S की कीमत करीब 39.01 लाख रुपये एक्स-शोरूम है. नए मॉडल की कीमत में बदलाव संभव है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. Panigale V4 S पहली बार Ducati Factory Made प्रोग्राम में शामिल हुई है, जिसके तहत ग्राहक 11 रंगों, दो लिवरी और कई वैकल्पिक पार्ट्स में से चुन सकते हैं. इससे बाइक को फैक्ट्री स्तर पर अपनी पसंद के अनुसार कॉन्फिगर करना संभव होगा.
यह भी पढ़ें: हवा में उड़ेगी Tesla Roadster, 1 सेकंड से कम में पकड़ेगी 0-100 की रफ्तार






















