क्या है Philately Passport, जिसके लिए रात भर लाइन में लगे लोग, इससे क्या होगा?
बेंगलुरु में 600 रुपये के फिलैटेली पासपोर्ट के लिए लोग रातभर कतार लगा रहे हैं. यह असली पासपोर्ट नहीं, बल्कि कर्नाटक के 100 पर्यटन स्थलों के डाक चिह्न जुटाने वाली बुकलेट है, जो लोगों में लोकप्रिय है.

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक खास तरह के पासपोर्ट को लेकर लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. इसकी दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोग इसे खरीदने के लिए रातभर कतार में खड़े रहने को तैयार हैं, इसकी कीमत 600 रुपये बताई जा रही है. हालांकि, यह कोई सामान्य पासपोर्ट नहीं है, जिससे विदेश यात्रा की जा सके. इसके बावजूद इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है.
दरअसल, यह फिलैटेली पासपोर्ट है, जो डाक टिकट संग्रह और पर्यटन में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण बन गया है. इसे यात्रा के लिए इस्तेमाल होने वाले आधिकारिक दस्तावेज की तरह नहीं, बल्कि एक संग्रहणीय बुकलेट के रूप में तैयार किया गया है. इसके जरिए लोग कर्नाटक के विभिन्न पर्यटन स्थलों से जुड़े विशेष डाक चिह्न इक्टठा कर सकते हैं.
बेंगलुरु के डाकघर में उमड़ रही भीड़
इस पासपोर्ट को खरीदने के लिए बेंगलुरु के जनरल पोस्ट ऑफिस (GPO) में लोगों की भीड़ पहुंच रही है. रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ लोग सुबह होने से पहले ही कतार में लग जाते हैं, ताकि उन्हें यह बुकलेट मिल सके. इसकी सीमित उपलब्धता और बढ़ती लोकप्रियता के कारण खरीदारों को इंतजार भी करना पड़ रहा है. सोशल मीडिया पर भी इस अनोखे पासपोर्ट की चर्चा हो रही है. इससे उन लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है, जो यात्रा के दौरान कुछ अलग अनुभव हासिल करना चाहते हैं.
कर्नाटक के 100 पर्यटन स्थलों से जुड़े डाक चिह्न
इस बुकलेट की सबसे बड़ी खासियत कर्नाटक के करीब 100 प्रमुख स्थानों से जुड़े डाक चिह्नों को इकट्ठा करने का अवसर है. इन चिह्नों के जरिए लोग राज्य के पर्यटन और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थानों की यादों को सहेज सकते हैं. यह गतिविधि घूमने के शौकीनों के लिए एक अलग तरह का अनुभव बन सकती है.
युवाओं को भी पसंद आ रहा है यह आइडिया
इस पहल का आकर्षण केवल पुराने डाक टिकट संग्राहकों तक सीमित नहीं है. युवा भी इसे अपनी यात्राओं को यादगार बनाने के नए तरीके के रूप में देख रहे हैं. डिजिटल तस्वीरों से अलग, यह बुकलेट यात्रा से जुड़ी यादों को एक जगह संजोने का मौका देती है.
ध्यान रहे कि यह फिलैटेली पासपोर्ट विदेश यात्रा के लिए मान्य दस्तावेज नहीं है. इसका उद्देश्य डाक टिकट संग्रह को बढ़ावा देना और पर्यटन स्थलों से जुड़े विशेष डाक चिह्नों को सहेजना है.
यह भी पढ़ें- खुले में कचरा फेंकने वालों का कटेगा चालान, 5 हजार तक जुर्माना वसूलेगी सरकार
यह भी देखें-





















