बिना नॉच वाली स्क्रीन और 8400mAh बैटरी, Red Magic 12 Pro+ लॉन्च
मोबाइल गेमिंग के शौकीनों के लिए Red Magic ने चीन में अपना नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन Red Magic 12 Pro+ लॉन्च कर दिया है. जानिए इस गेमिंग फोन के सभी फीचर्स और कीमत क्या है.

- Red Magic 12 Pro+ गेमिंग फोन चीन में लॉन्च, अनुभव सुधारेगा.
- 185Hz डिस्प्ले, शक्तिशाली स्नैपड्रैगन 8 जेन 6 प्रोसेसर से शानदार गेमिंग.
- बड़ी 8400mAh बैटरी, 120W चार्जिंग, बिल्ट-इन फैन कूलिंग मिलेगी.
मोबाइल पर गेम खेलते समय तेज स्क्रीन, बिना रुकावट मिलने वाला रिस्पॉन्स और फोन का ज्यादा गर्म न होना काफी मायने रखता है. इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए Red Magic ने चीन में अपना नया गेमिंग स्मार्टफोन Red Magic 12 Pro+ पेश किया है. इसमें हाई रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन के साथ खास कूलिंग सिस्टम, बड़ी बैटरी और गेम खेलने के लिए अलग से दिए गए शोल्डर ट्रिगर्स मिलते हैं. तो आइए जानते हैं कि इस फोन के दूसरे खास फीचर्स और कीमत क्या है.
Red Magic 12 Pro+ की कीमत क्या है?
चीन में Red Magic 12 Pro+ के 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 6,999 युआन (करीब 99,300 रुपये) है. इसके 16GB रैम और 512GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 7,999 युआन (लगभग 1,13,500 रुपये) है, जबकि 16GB रैम और 1TB स्टोरेज वाला मॉडल 8,999 युआन (करीब 1,27,700 रुपये) में उपलब्ध है.अभी Red Magic 12 Pro+ के भारत में लॉन्च होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
Red Magic 12 Pro+ के खास फीचर्स क्या है?
Red Magic 12 Pro+ में 6.85 इंच का BOE X11 OLED डिस्प्ले दिया गया है. इसका रेजोल्यूशन 2,688 बाय 1,216 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 185Hz है. स्क्रीन के चारों ओर सिर्फ 0.96mm के बेजल हैं और फ्रंट कैमरे के लिए इसमें कोई पंच-होल नहीं दिया गया है. इससे डिस्प्ले पर गेम और वीडियो देखने के लिए ज्यादा जगह मिलती है. इसमें 5,000Hz तक इंस्टेंट टच सैंपलिंग और 10-बिट कलर सपोर्ट भी है.
Red Magic 12 Pro+ का कैमरा कैसा है?
फोटोग्राफी के लिए फोन के पीछे 50MP का मुख्य कैमरा और 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा है. सेल्फी कैमरा 16MP का है और डिस्प्ले के नीचे दिया गया है. वहीं दूसरे फीचर्स में 700Hz शोल्डर ट्रिगर्स, Wi-Fi 7, Bluetooth 5.3, NFC, USB 3.2 Gen 2 और 3.5mm हेडफोन जैक शामिल हैं. यह Android 17 पर आधारित RedMagic OS 12 पर चलता है.
यह भी पढ़ें - दिवाली पर मिठाई नहीं, 2,000 रुपये से कम में गिफ्ट करें ये टेक गैजेट्स
गेमिंग परफॉर्मेंस के लिए खास हार्डवेयर
फोन में Qualcomm Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर के साथ RedCore R5 गेमिंग चिप और G1 डिस्प्ले कंट्रोल चिप दी गई है. इसमें LPDDR5T रैम और UFS 4.1 Pro स्टोरेज मिलती है. कंपनी के मुताबिक, सपोर्ट करने वाले गेम्स में यह 2K रेजोल्यूशन पर 185Hz तक सुपर-रेजोल्यूशन और फ्रेम इंटरपोलेशन का इस्तेमाल कर सकता है.
8400mAh बैटरी और फैन वाला कूलिंग सिस्टम
इस स्मार्टफोन में 8,400mAh की बैटरी दी गई है, जो 120W वायर्ड और 80W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है. फोन में लिक्विड कूलिंग के साथ एक बिल्ट-इन फैन दिया गया है, जो 25,500 RPM तक की रफ्तार से घूम सकता है. फोन को IP68 और IP69 रेटिंग मिली है, जबकि फैन की रेटिंग IPX8 है.
यह भी पढ़ें - PC गेमर्स का इंतजार जल्द हो सकता है खत्म, GTA 6 पर आई नई रिपोर्ट






















