GORAKHPUR NEWS: 'अक्षयपात्र फाउंडेशन' सेंट्रल रसोईघर का उद्घाटन: फाउंडेशन ने सीएम योगी का किया धन्यवाद
AKSHAYA PATRA FOUNDATION: मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में 'अक्षयपात्र फाउंडेशन'के केंद्रीयकृत रसोईघर का लोकार्पण किया है. सीएम ने कहा, फाउंडेशन की तरफ से खाने में साफ सफाई पर ध्यान दिया जाता है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जून यानी गुरुवार शाम तक गोरखपुर में अक्षयपात्र फाउंडेशन के केंद्रीयकृत रसोईघर के उद्घाटन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया. सीएम योगी ने कहा स्कूली बच्चों के मिड डे मील के लिए अक्षयपात्र फाउंडेशन की तरफ से भोजन निर्माण में स्वच्छता, पोषण और गुणवत्ता का जो ध्यान रखा जाता है, वह सबके लिए सीखने लायक है.
सीएम योगी ने कहा, स्वस्थ रहने के लिए स्वास्थ्यप्रद एवं स्वच्छ आहार-विहार का होना आवश्यक है. कुपोषण से मुक्ति के लिए जरूरी है कि स्वच्छता का ध्यान रखते हुए बच्चों को पौष्टिक आहार मिले. समाजहित में यह कार्य अक्षयपात्र फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है. स्वच्छ और पौष्टिक आहार मिलने से स्वस्थ बच्चे समृद्ध समाज का आधार बनेंगे.
सीएम योगी ने कहा कि मथुरा, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, कानपुर में अक्षयपात्र फाउंडेशन के रसोईघर पहले से संचालित हैं. अब सरकार के सहयोग से गोरखपुर में केंद्रीयकृत रसोईघर का निर्माण कर इसे आगे बढ़ाया जा रहा है. नए शैक्षिक सत्र में 50 हजार से अधिक स्कूली बच्चों को फिर कुछ समय में ही 1 लाख बच्चों को यहां से गर्मागर्म भोजन मेन्यू के हिसाब से प्राप्त होगा. उन्होंने बताया कि खाद्यान्न और कन्वर्जन कास्ट सरकार उपलब्ध कराती है. बेहतर ढंग से भोजन बनाने और वितरण का कार्य अक्षयपात्र की तरफ से किया जा रहा है.
भोजन की क्वालिटी देखनी हो तो शुरुआत स्वच्छता से करें
मुख्यमंत्री ने कहा, अच्छे स्वास्थ्य के लिए सबको सोचना चाहिए. हम स्वस्थ तभी रहेंगे जब हमारा आहार स्वच्छ होगा. आहार स्वच्छ होगा तो वह स्वास्थ्यप्रद भी होगा. पौष्टक आहार से शरीर स्वस्थ होगा और शरीर स्वस्थ रहने पर ही मस्तिष्क भी स्वस्थ होगा. आगे कहा, घर हो या बाजार, भोजन की क्वालिटी देखनी हो तो शुरुआत स्वच्छता से करें. स्वच्छता में असावधानी होने पर ही फ़ूड पॉयजनिंग जैसी घटनाएं होती हैं. साथ ही कहा, भोजन तैयार और वितरण करने में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए अक्षयपात्र फाउंडेशन की सराहना की.
विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करेंगे स्वस्थ बच्चे
मुख्यमंत्री ने कहा, अक्षयपात्र फाउंडेशन के सहयोग से गोरखपुर में एक लाख बच्चे पौष्टिक भोजन प्राप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुपोषण मिशन के लक्ष्य को प्राप्त कर विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देंगे. इतना ही नहीं स्वस्थ बच्चे भी भविष्य में समृद्ध समाज और सशक्त राष्ट्र का आधार बनेंगे.
सशक्त समाज की मजबूत कड़ी है शिक्षा
सीएम योगी ने कहा कि शिक्षा, समृद्ध समाज की आधारशिला और सशक्त राष्ट्र की मजबूत कड़ी है. शिक्षा से ही समाज का वर्तमान और भविष्य तय होता है. प्रदेश के बेसिक स्कूलों में मिशन कायाकल्प से और माध्यमिक स्कूलों में प्रोजेक्ट अलंकार से ढांचागत सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को आगे बढ़ाया गया है. आगे कहा, आज से शुरू हुए बेसिक शिक्षा के सत्र को लेकर शिक्षकों का आह्वान किया कि वे प्रयास करें कि एक भी बच्चा स्कूल आने से वंचित न रहे. विद्यालय में प्रवेश दिलाने के साथ उसे यूनिफॉर्म, बैग, जूता, मोजा आदि सभी उपलब्ध कराया जाए.
यूपी शिक्षा के कायाकल्प को नीति आयोग से मिली सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा, नौ साल में यूपी की शिक्षा के कायाकल्प को नीति आयोग ने सक्सेस स्टोरी माना है. माध्यमिक शिक्षा में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को सुरक्षित वातावरण में अध्ययन के लिए पर्याप्त धनराशि दी गई. साथ ही कहा, पहले जहां बोर्ड परीक्षाओं और परिणाम में महीनों लग जाते थे, वहीं अब 15 दिन में नकलविहीन परीक्षा और 15 दिन में परिणाम आ जाते हैं इससे 11 माह पढ़ाई के लिए उपलब्ध होते हैं
सीएम योगी ने आगे कहा, शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करने के लिए अटल टिकरिंग लैब, स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी बन रही है. बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सभी जिलों में अभ्युदय कोचिंग की सुविधा दी जा रही है. विश्वास व्यक्त किया कि बढ़ी सुविधाओं से प्रदेश में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा नया कीर्तिमान स्थापित करेगी.
कौशांबी के वैशाली में अनोखी घटना, 13वीं के अगले दिन जिंदा लौटा शख्स, परिजनों के उड़ गए होश
अक्षयपात्र फाउंडेशन ने सीएम योगी का जताया आभार
वही अक्षयपात्र फाउंडेशन के सह संस्थापक एवं उपाध्यक्ष चंचलापति दास ने रसोईघर के निर्माण के लिए करीब 2.5 एकड़ भूमि और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, अक्षयपात्र फाउंडेशन का मिशन है कि कोई भी बच्चा भूख की वजह से शिक्षा से वंचित न रहने पाए.
अक्षयपात्र की यह रसोई पीएम पोषण योजना के तहत गोरखपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के बच्चों के लिए प्रतिदिन एक लाख गर्म, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार और वितरित करने की क्षमता रखती है. विशेषीकृत रसोई उपकरणों में दो रोटी मेकिंग मशीनें हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता प्रति घंटे 40 हजार रोटियां तैयार करने की है.
चंचलापति दास के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी के हाथों उद्घाटित केंद्रीयकृत रसोईघर की नई सुविधा अब 546 विद्यालयों के 55,000 बच्चों तक सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होगी तथा चरणबद्ध तरीके से 1,570 विद्यालयों के 1 लाख बच्चों तक अपनी पहुंच का विस्तार करेगी. वर्तमान में यह सुविधा भोजन वितरण के लिए 23 इलेक्ट्रिक वाहनों के बेड़े का संचालन कर रही है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और क्षेत्रीय स्कूल भोजन प्रणाली को सुदृढ़ करने में सहायता मिलती है.
बता दें, कार्यक्रम की अध्यक्षता अक्षयपात्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ट्रस्टी भरतर्षभ दास ने की. इस दौरान, खासतौर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, अक्षयपात्र फाउंडेशन के अनंत वीर्यदास प्रभुजी, रसराज कृष्णदासजी, मुकेश तिवारी, भाजपा नेत्री शकुंतला चौहान, भाजपा के महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे.
सीएम ने सेंट्रल किचन का लिया जायजा, बच्चों को भोजन परोसा
सीएम योगी ने अक्षयपात्र फाउंडेशन के केंद्रीयकृत रसोईघर का उद्घाटन करने के बाद रसोईघर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने स्कूली बच्चों को रसोईघर में तैयार भोजन परोसा. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अक्षयपात्र रसोईघर के परिसर में आवंले का पौधा भी रोपित किया.





















