बागपत: पत्नी पर कमेंट से नाराज दोस्त ने कर दी युवक की हत्या, मुठभेड़ में गिरफ्तार
बागपत पुलिस ने पुष्पेन्द्र हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मुठभेड़ में उसे गोली भी लगी है.

उत्तर प्रदेश के बागपत में इदरीशपुर गांव में पुष्पेन्द्र हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है.पुष्पेन्द्र के दोस्त मनोज ने ही उसकी हत्या की थी. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है. घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक, दोनों ट्यूबवेल पर बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान पुष्पेंद्र ने आरोपी की पत्नी को लेकर कथित तौर पर भद्दे कमेंट किए. आरोपी का दावा है कि इस तरह की टिप्पणी पहले भी की गई थी. इसी बात से नाराज होकर उसने पुष्पेंद्र की हत्या कर दी. मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि गिरफ्तार आरोपी के पास से मृतक का मोबाइल फोन मिला, जिसके कवर में पुष्पेंद्र की तस्वीर रखी हुई थी.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में बारिश के बाद डेंगू ने पसारे पैर, अस्पतालों में मरीजों की कतार
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को पुष्पेंद्र का शव इदरीशपुर गांव के जंगल में खेत में पड़ा मिला था. उसके गले और नाक पर चोट के निशान थे. मृतक के भाई कुलदीप पवार की शिकायत पर दोघट थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया. पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
मामले के खुलासे के लिए दोघट थाना पुलिस, सर्विलांस सेल और स्वाट की संयुक्त टीम ने मृतक के दोस्तों से पूछताछ की. जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल की अंतिम लोकेशन और घटना के समय मृतक के साथ उसकी मौजूदगी से जुड़े तथ्यों का मिलान किया गया. इसके बाद पुलिस को आरोपी के इदरीशपुर से भगवानपुर नांगल की ओर आने वाले रजवाहे की पटरी पर होने की सूचना मिली.
जवाबी फायरिंग में हुआ घायल
पुलिस का दावा है कि आरोपी को रोकने की कोशिश की गई तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया. उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और पुष्पेंद्र का मोबाइल फोन बरामद हुआ.
पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह सोनीपत के बहालगढ़ थाने में दर्ज एक अन्य वारदात के मामले में जमानत पर है. हालांकि, इस मामले में हत्या की वजह और घटनाक्रम से जुड़े पुलिस के दावों की पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर होनी बाकी है.
यह भी पढ़ें: मानसिक संतुलन खो चुके राहुल गांधी...', इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन पर बोले रवि किशन





















