वैष्णो देवी के लिए ट्रेवल एजेंट की ले रहे हैं मदद तो सावधान! ऐसे हो रही ठगी
वैष्णो देवी यात्रियों से ठगी करने वाले एक शख्स को कटरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. यह फर्जी ट्रेवल एजेंट यात्रियों को झांसे में लेकर उनसे रकम लेकर फरार हो जाता था.

जम्मू-कश्मीर में श्री माता वैष्णो देवी जी के पवित्र तीर्थस्थल पर आने वाले तीर्थयात्रियों को निशाना बनाने वाली धोखाधड़ी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, रियासी पुलिस ने कटरा में एक फर्जी ट्रैवल एजेंट रैकेट का भंडाफोड़ किया है. जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
आरोपी पर तीर्थयात्रियों और होटल मालिकों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप है.आरोपी बिना किसी अधिकार के, एक जानी-मानी ट्रैवल फर्म के नाम पर बिल जारी करके तीर्थयात्रियों से ठहरने की व्यवस्था और टूर पैकेज के नाम पर पैसे वसूलता था.
यह भी पढ़ें: जम्मू के शिवसेना उद्धव गुट के नेताओं ने पार्टी प्रमुख से की मुलाकात, उठाए ये मुद्दे
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
यह मामला तब सामने आया जब कटरा में मत्याल पेट्रोल पंप के पास स्थित एक होटल के सुपरवाइजर ने कटरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति, जिसने खुद को ट्रैवल एजेंट बताया था, उसने तीर्थयात्रियों के लिए होटल में कमरे बुक किए, लेकिन उनसे धोखे से पूरी रकम वसूलने के बावजूद, उन्हें ठहरने की सुविधा नहीं दी.
शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, कटरा पुलिस स्टेशन में धारा 318(4), 336(3), 340(2), 338 BNS के तहत FIR नंबर 320/2026 दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू की गई.
यूपी के परिवार से टूर के नाम पर लिए थे पैसे
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने उत्तर प्रदेश के एक तीर्थयात्री परिवार से टूर पैकेज के नाम पर पैसे लिए थे. उसने कटरा में काम करने वाली एक ट्रैवल फर्म के नाम पर बिल की पर्ची जारी की, जबकि वह अब उस फर्म से जुड़ा ही नहीं था.
कटरा पुलिस स्टेशन की एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। कड़ी मशक्कत और तकनीकी सहायता सहित सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए, पुलिस ने 14 अक्टूबर, 2026 को कटरा के अंबिका चौक से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान उधमपुर जिले के गरनाई निवासी गोपाल कृष्ण के बेटे विवेक शर्मा के रूप में हुई है.
फर्जी बिल और फर्जी विजिटिंग कार्ड का करता था प्रयोग
आगे की जांच के दौरान, आरोपी के पास से 60,000 रुपये की नकदी, ट्रैवल फर्म के नाम वाली कई बिल बुक, फर्म के नाम वाले विजिटिंग कार्ड, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर तीर्थयात्रियों का भरोसा जीतने के लिए किया जाता था.
अब तक की जांच से पता चलता है कि आरोपी ने इसी तरह के तरीके अपनाकर कई अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की होगी. आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है, जबकि इस कथित धोखाधड़ी के पूरे दायरे का पता लगाने और अन्य पीड़ितों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है.
रियासी पुलिस ने कटरा और श्री माता वैष्णो देवी जी के पवित्र तीर्थस्थल पर आने वाले सभी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे फर्जी ट्रैवल एजेंटों और बुकिंग से जुड़े घोटालों के प्रति सतर्क रहें. पर्यटकों को सलाह दी जाती है कि वे होटल, हेलीकॉप्टर टिकट और टूर पैकेज केवल अधिकृत सर्विस प्रोवाइडरों और आधिकारिक पोर्टलों के जरिए ही बुक करें, और कोई भी भुगतान करने से पहले ट्रैवल एजेंट की साख (credentials) की जांच जरूर कर लें.
यह भी पढ़ें: 'सबसे अहम बात ये है कि...', RSS प्रमुख के बयान पर बोले फारूक अब्दुल्ला





















