'सड़क पर आने के अलावा...', छात्रों के प्रदर्शन को मिला तेजस्वी यादव का साथ
तेजस्वी यादव ने छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सरकार से संवाद करने की मांग की. उन्होंने कहा कि पेपर लीक, नौकरी और परीक्षा में पारदर्शिता छात्रों का जायज अधिकार है.

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार (22 अगस्त) को पटना के गर्दनीबाग स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे अभ्यर्थियों के समर्थन में सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि छात्रों में काफी गुस्सा और आक्रोश है. उनकी मांगों को लगातार उठाया गया है और आगे भी उठाया जाता रहेगा.
25 अगस्त के प्रदर्शन को भी राजद का समर्थन
तेजस्वी यादव ने कहा कि अभ्यर्थी व्यवस्था बहाली की मांग को लेकर सड़क पर उतरे हैं. उन्होंने कहा, "इनके साथ हम लोग हैं और 25 तारीख को भी जो प्रोटेस्ट होने वाला है, उसमें भी हमारे दल का समर्थन उनको मिलेगा."
BPSC ने ऑडिटर प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट किया जारी, जानें कट ऑफ मार्क्स
उन्होंने कहा कि सभी लोग चाहते हैं कि बिहार में पेपर लीक न हो, युवाओं को नौकरी मिले और समय पर परीक्षाएं कराई जाएं. परीक्षा व्यवस्था में किसी तरह की धांधली नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए.
छात्रों की मांग जायज है- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि छात्रों की सभी मांगें जायज हैं. उन्होंने कहा, "बल्कि हमने कल भी यह कहा था कि यह मांग उनको मांगने की जरूरत भी नहीं थी, बल्कि सरकार को उसको पूरा करना चाहिए था."
उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि छात्रों की समस्याओं को सुना जाए और उनका समाधान किया जाए. लेकिन उनका आरोप है कि अभी तक सरकार की तरफ से कोई भी व्यक्ति छात्रों से संवाद नहीं कर पा रहा है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र में संवाद बेहद जरूरी है. सरकार और खास तौर पर मंत्रियों को छात्रों से बात करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को मिल-बैठकर समस्या का समाधान निकालने की कोशिश करनी चाहिए. उन्होंने कहा, "छात्रों के पास और कोई रास्ता नहीं बचता है, सड़क पर आने के अलावा. आज भी लोग प्रदर्शन कर रहे हैं."
तेजस्वी यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सरकार संवाद नहीं करेगी और छात्रों की बात नहीं सुनेगी, तो उनके पास सड़क पर आने के अलावा आखिर क्या विकल्प बचेगा.
पटना में PhD होल्डर्स का हल्लाबोल, लोकभवन मार्च में पुलिस से टकराव























