तेजस्वी यादव ने किसे बताया बिहार का दशानन? बोले- 'बिहार में ऐसी...'
तेजस्वी यादव ने दशहरे पर बेरोजगारी, गरीबी, पलायन, अपराध और भ्रष्टाचार को बिहार का दशानन बताया. उन्होंने पढ़ाई, दवाई, कमाई और सुनवाई वाली व्यवस्था बनाने का संकल्प लेने की अपील की.

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विजयादशमी और दशहरा के मौके पर मंगलवार (20 अक्टूबर) को प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने बेरोजगारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध और भ्रष्टाचार को बिहार का दशानन बताया. तेजस्वी ने लोगों से इन समस्याओं को खत्म करने का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसी व्यवस्था बननी चाहिए, जिसमें हर हाथ को काम मिले और हर घर खुशहाल बने.
तेजस्वी एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- विजयादशमी बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है. इस दिन बिहार की समस्याओं को दूर करने का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने बेरोजगारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन को राज्य के विकास में बाधा बताया. उन्होंने कहा कि ये समस्याएं बिहार को अंदर से खोखला कर रही हैं.
यह भी पढ़ें- पटना में सपना चौधरी का धमाकेदार डांस, ठुमके पर झूम उठे दर्शक
चार करोड़ लोगों के पलायन का किया दावा
राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी ने बिहार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में बिहार देश के सबसे पिछड़े राज्यों में है. प्रदेश के कई लोगों को अच्छे स्कूल, सड़क और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. तेजस्वी ने दावा किया कि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, करीब चार करोड़ बिहारवासी हर साल काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करते हैं.
बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजयादशमी एवं दशहरा की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। बेरोज़गारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन रूपी दशानन बिहार को अंदर से खोखला कर रहा है। प्रति व्यक्ति आय में बिहार देश का सबसे पिछड़ा राज्य बना हुआ है। अच्छे स्कूल, सड़क, अस्पताल इत्यादि जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी बिहार का एक बहुत बड़ा वर्ग वंचित है। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार लगभग 04 करोड़ बिहारवासी हर साल काम के अभाव में पलायन करते हैं। भरपूर पोषण और संतुलित आहार की कमी से देश भर में हमारे बिहार की माताओं, बहन-बेटियों में खून की सबसे अधिक कमी है तथा सबसे अधिक बच्चे बौनेपन के शिकार हैं। पिछले कुछ दिनों में सड़कों पर बेटियों के साथ हो रही दरिंदगी और कानून व्यवस्था का जनाजा तो पूरे देश ने देखा। इस दशहरा हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि बिहार से बेरोज़गारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन रूपी दशानन का दहन करेंगे तथा पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई एवं कार्रवाई वाली एक सुदृढ़ व्यवस्था की नींव रखेंगे। हर हाथ को काम मिले और हर घर फूले-फले। बिहार की देवतुल्य जनता के लिए मंगलकामनाओं सहित आप सभी को पुनः विजयादशमी एवं दशहरा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) October 20, 2026
पोषण और महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया
तेजस्वी यादव ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि बिहार में माताओं, बहनों और बेटियों में खून की कमी की समस्या गंभीर है. बड़ी संख्या में बच्चे बौनेपन के शिकार हैं. कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने हाल के दिनों में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं का जिक्र किया. उन्होंने अपराध पर नियंत्रण और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत बताई.
‘पढ़ाई, दवाई, कमाई और सुनवाई’ वाली व्यवस्था की मांग
तेजस्वी ने बिहार में पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई पर आधारित व्यवस्था बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि राज्य में विकास और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए. दशहरा के अवसर पर उन्होंने बिहार सहित देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की समस्याओं के खिलाफ एकजुट होने की अपील की.
यह भी पढ़ें- मोहन भागवत को देश में अशांति की आशंका, मनोज झा बोले- यह गांधी का देश...






















