रोहिणी आचार्य का PM मोदी पर हमला, बोलीं- ‘झांसाराम जी, झोला उठाकर...’
रोहिणी आचार्य ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘झांसाराम जी’ कहा और झोला उठाकर सत्ता छोड़ने को कहा. उन्होंने और भी कई आरोप लगाए हैं.

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर साझा करते हुए पीएम मोदी को ‘वोट चोरों का सरगना’ और ‘झांसाराम जी’ कहा. रोहिणी ने आगे लिखा कि देश का माहौल बदल चुका है और प्रधानमंत्री को अब सत्ता से जाने की तैयारी कर लेनी चाहिए. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब इंडिया गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ फिर प्रदर्शन करने की तैयारी में है.
रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा, “वोट चोरों के सरगना ‘झांसाराम जी’... देश का मिजाज अब पूरी तरह से बदल चुका है, आप झोला उठाकर खिसकने के लिए तैयार रहिए.” उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनके बनाए कथित झांसे, फरेब और वोट चोरी के जाल में वे खुद उलझ गए हैं.
यह भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन के मार्च पर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, 'लोग NDA-BJP…'
‘लोकतंत्र के चीरहरण का झोला सिर पर लादिए’
रोहिणी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि प्रधानमंत्री को लोकतंत्र के कथित चीरहरण के पाप से भरा झोला उठाकर चले जाना चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को कोई नई मक्कारी, नौटंकी या ड्रामा किए बिना सत्ता छोड़ देनी चाहिए.
वोट चोरों के सरगना "झांसाराम जी"... देश का मिजाज अब पूरी तरह से बदल चुका है, आप झोला उठाकर खिसकने के लिए तैयार रहिए .. झांसाराम जी .. माहौल तो अब कुछ ऐसा बन चुका है कि खुद के बुने हुए 'झांसे, फरेब और वोट चोरी' के जाल में आप खुद ही बुरी तरह से उलझ और फंस चुके हैं .. इसलिए, लोकतंत्र के चीरहरण के पाप से भरा अपना झोला अपने सिर पर लादिए और बिना कोई नयी मक्कारी, नौटंकी या ड्रामा किए पतली गली पकड़िए और खुद को खुद ही धिक्कारते हुए निकल लीजिए ..
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) October 12, 2026
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष का मार्च
इस बीच, इंडिया गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रहा है. प्रस्तावित मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और विपक्ष के अन्य नेताओं के शामिल होंगे. विपक्ष चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाता रहा है.
यह भी पढ़ें- नेपाल में भूस्खलन के बीच बिहार में अलर्ट, गंडक नदी में बढ़ा पानी





















